सहारनपुर की 119 साल पुरानी मस्जिद पर बुलडोजर एक्शन के बाद हरेंद्र मलिक समेत सपा का 16 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल कल करेगा दौरा
सहारनपुर। जनपद सहारनपुर के कलेक्ट्रेट परिसर स्थित 119 साल पुरानी मस्जिद को गिराए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मामले को लेकर समाजवादी पार्टी ने सहारनपुर का दौरा करने और पूरे प्रकरण की जानकारी जुटाने के लिए 16 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल गठित किया है। इस प्रतिनिधिमंडल में मुजफ्फरनगर सांसद हरेंद्र मलिक भी शामिल हैं।

समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल की ओर से 5 सितंबर 2026 को जारी कार्यालय ज्ञाप के अनुसार, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर यह प्रतिनिधिमंडल 6 सितंबर 2026 को सहारनपुर पहुंचेगा। प्रतिनिधिमंडल के सदस्य कमिश्नर से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी लेंगे और अपनी रिपोर्ट प्रदेश कार्यालय को सौंपेंगे।
119 साल पुरानी मस्जिद को लेकर विवाद
सपा के कार्यालय ज्ञाप में आरोप लगाया गया है कि सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित करीब 119 साल पुरानी मस्जिद को 5 सितंबर की सुबह बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। पार्टी का कहना है कि इससे एक दिन पहले यानी 4 सितंबर की शाम जिला प्रशासन की ओर से मस्जिद को सील किए जाने की बात कही गई थी, लेकिन उसे गिराया नहीं जाएगा।
इसी को लेकर समाजवादी पार्टी ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पूरे प्रकरण की जानकारी लेने के लिए प्रतिनिधिमंडल भेजने का निर्णय लिया है।
हरेंद्र मलिक समेत ये नेता रहेंगे मौजूद
सपा के 16 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव, सहारनपुर जिलाध्यक्ष चौधरी अब्दुल वाहिद, महानगर अध्यक्ष हाजी नवाब अंसारी, मुजफ्फरनगर सांसद हरेंद्र मलिक, सांसद इकरा हसन, सपा के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी रूद्रसेन, पूर्व सांसद हाजी फजलुर्रहमान, विधायक अतुल प्रधान, विधायक आशु मलिक, विधायक उमर अली, विधायक रामऔतार सैनी, एमएलसी किरन पाल कश्यप, पूर्व विधायक माविया अली, समाजवादी अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल भारती, पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री मांगेराम कश्यप और मुजफ्फरनगर सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी शामिल हैं।
कमिश्नर से मुलाकात कर रिपोर्ट सौंपेगा प्रतिनिधिमंडल
पार्टी के मुताबिक प्रतिनिधिमंडल सहारनपुर पहुंचकर मंडलायुक्त से मुलाकात करेगा और मस्जिद से जुड़े पूरे घटनाक्रम की जानकारी हासिल करेगा। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल अपनी रिपोर्ट पार्टी के प्रदेश कार्यालय को सौंपेगा।
कार्यालय ज्ञाप की प्रतिलिपि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव और राष्ट्रीय अध्यक्ष के निजी सचिव को भी भेजी गई है।
मस्जिद ध्वस्तीकरण को लेकर सपा द्वारा प्रतिनिधिमंडल भेजे जाने के बाद यह मामला राजनीतिक रूप से भी चर्चा में आ गया है। अब 6 सितंबर को सहारनपुर पहुंचने वाले प्रतिनिधिमंडल के दौरे पर सभी की नजरें रहेंगी।
#RajsattaPost #AnujTyagiPost #Saharanpur #HarendraMalik

