किडजी न्यू मंडी प्ले स्कूल में धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व

नन्हे-मुन्ने बच्चों की मनमोहक झांकियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा सबका मन

राजसत्ता पोस्ट|असलम त्यागी 

मुजफ्फरनगर। किडजी न्यू मंडी प्ले स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व हर्षोल्लास, श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म, जीवन और बाल लीलाओं पर आधारित मनमोहक झांकियां एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।

बच्चों ने गोवर्धन पर्वत, गोकुलधाम, माखन चोरी, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव और कारागार सहित विभिन्न प्रसंगों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। रंग-बिरंगी वेशभूषा में सजे बच्चों की प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर कृष्णमय एवं भक्तिमय नजर आया। कार्यक्रम में अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की और बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों के नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेते हुए विद्यालय की ओर से आयोजित आयोजन की सराहना की।

विद्यालय की डायरेक्टर श्रीमती चारु भारद्वाज ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और नैतिक मूल्यों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ उनमें अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान की भावना भी विकसित करते हैं।

विद्यालय की कोऑर्डिनेटर सौम्या अरोड़ा ने बच्चों और अभिभावकों की सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की प्रतिभा को मंच देना और उनकी रचनात्मक एवं सांस्कृतिक क्षमताओं को निखारना विद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है।

कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय की एकेडमिक कोऑर्डिनेटर प्रीति त्यागी ने किया। समापन पर विद्यालय परिवार की ओर से सभी अभिभावकों का आभार व्यक्त किया गया और भविष्य में भी इसी प्रकार के आयोजनों में सहयोग एवं सहभागिता की अपील की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *