स्वरा भास्कर पर भड़का क्षत्रिय समाज, थप्पड़ मारने वाले को ₹5 हजार इनाम का ऐलान

रोहित त्यागी

मुजफ्फरनगर। बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर की जौहर और सनातन परंपराओं को लेकर की गई कथित विवादित टिप्पणियों के बाद क्षत्रिय समाज में नाराजगी देखने को मिल रही है। मुजफ्फरनगर में राजपूत स्वाभिमान मंच के अध्यक्ष कुलदीप सिंह ने पत्रकारों से बातचीत कर स्वरा भास्कर के बयान पर कड़ा विरोध जताया।

कुलदीप सिंह ने आरोप लगाया कि स्वरा भास्कर लगातार सनातन धर्म और उन वीरांगनाओं के बलिदान पर सवाल उठाती रही हैं, जिन्होंने अपने सम्मान और परंपराओं की रक्षा के लिए जौहर किया था। उन्होंने कहा कि जौहर को उसके ऐतिहासिक और सामाजिक संदर्भ में समझने की जरूरत है और इस तरह की टिप्पणियों से समाज की भावनाएं आहत होती हैं।

पत्रकार वार्ता के दौरान कुलदीप सिंह ने विवादित रूप से यह भी ऐलान किया कि मुंबई में स्वरा भास्कर को थप्पड़ मारने वाले व्यक्ति को उनकी ओर से ₹5,000 का इनाम दिया जाएगा। उन्होंने स्वरा भास्कर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की और कहा कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कोर्ट खुलने के बाद वकीलों से कानूनी सलाह लेकर स्वरा भास्कर के खिलाफ औपचारिक शिकायत या मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। मामले को लेकर क्षत्रिय समाज की ओर से आगे भी विरोध दर्ज कराने की बात कही गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *