दरोगा की बहन पर घर में घुसकर फायरिंग, मोबाइल नंबर ब्लॉक करने से नाराज था आरोपी; तीन राउंड फायरिंग, मुख्य आरोपी ने कोर्ट में किया सरेंडर
फिरोजाबाद। टूंडला थाना क्षेत्र के उसायनी गांव में एक युवती पर घर में घुसकर फायरिंग किए जाने के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। आरोप है कि गांव का ही विपिन कुमार जाटव युवती को लगातार फोन कर परेशान करता था। युवती द्वारा उसका मोबाइल नंबर ब्लॉक किए जाने से आरोपी नाराज था। मंगलवार दोपहर आरोपी कथित तौर पर पिस्टल लेकर युवती के घर पहुंचा और उस पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। एक गोली युवती के कंधे को चीरती हुई निकल गई, जबकि दो गोलियां सोफे और दीवार में जा धंसीं।
घटना उस समय हुई जब युवती घर की दूसरी मंजिल पर बच्चों को ट्यूशन पढ़ा रही थी। आरोप है कि विपिन अचानक वहां पहुंचा और युवती पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से युवती घायल हो गई। फायरिंग की आवाज सुनकर घर में अफरा-तफरी मच गई और परिजन तत्काल घायल युवती को सरकारी ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार कराया गया। बाद में पुलिस ने उसकी हालत सामान्य बताई।
पुलिस के मुताबिक आरोपी और युवती एक-दूसरे को पहले से जानते थे और दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद भी था। परिजनों का आरोप है कि आरोपी लगातार युवती को फोन करता था और परेशान करता था। इससे परेशान होकर युवती ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी द्वारा वारदात को अंजाम देने का आरोप है।
इस मामले में एक महत्वपूर्ण तथ्य यह भी सामने आया है कि घायल युवती का भाई उत्तर प्रदेश पुलिस में दरोगा है और वर्तमान में कन्नौज में तैनात है। जिस घर में यह घटना हुई, उसी घर की युवती के भाई की पुलिस विभाग में तैनाती है।
आरोपी विपिन कुमार जाटव उसायनी ग्राम पंचायत की प्रधान बृजेश कुमारी का देवर और प्रधान प्रतिनिधि बताया गया है। रिपोर्ट के अनुसार विपिन शादीशुदा है।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ टूंडला अरुण कुमार चौरसिया और प्रभारी निरीक्षक बैजनाथ सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू की। घायल युवती के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुख्य आरोपी विपिन जाटव, उसके पिता ताराचंद्र तथा भाइयों बिजेंद्र और विजय के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर संभावित ठिकानों और रिश्तेदारियों में दबिश दी जा रही थी। पुलिस मैनपुरी और आसपास के जिलों में भी आरोपी की तलाश कर रही थी।
इसी बीच 4 सितंबर को मुख्य आरोपी विपिन कुमार जाटव ने पुलिस को चकमा देते हुए न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। रिपोर्ट के अनुसार आरोपी ने वर्ष 2021 के एक पुराने मारपीट के मुकदमे में अपनी जमानत तुड़वाकर कोर्ट में सरेंडर किया।
अब पुलिस युवती पर हुए हमले के मामले में आरोपी को रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जाएगी और वारदात में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी का प्रयास किया जाएगा। वहीं, मुकदमे में नामजद आरोपी के पिता और दोनों भाइयों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।
#RajsattaPost #AnujTyagiPost #Firozabad #CrimeNews

