नामचीन ब्रांड की नकली सिगरेट फैक्टरी का भंडाफोड़, करोड़ों का माल बरामद, मालिक फरार
राजसत्ता पोस्ट|असलम त्यागी
मेरठ। हस्तिनापुर क्षेत्र में पुलिस ने नकली सिगरेट बनाने वाली एक अवैध फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। दूधली गांव में ग्राम पंचायत की सरकारी गौशाला के पास स्थित एक भवन में बड़े नामचीन ब्रांड के नाम पर नकली सिगरेट तैयार किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस की छापेमारी के दौरान मौके से भारी मात्रा में तैयार और अधबनी सिगरेट के साथ पैकिंग सामग्री व कच्चा माल बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार, हस्तिनापुर कस्बे से करीब आठ किलोमीटर दूर दूधली गांव में बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे पुलिस टीम ने कार्रवाई की। सिगरेट कंपनी के मैनेजर रेशू मिश्रा की सूचना के आधार पर पुलिस उन्हें साथ लेकर मौके पर पहुंची और भवन में छापा मारा।
छापेमारी के दौरान भवन के अंदर नकली सिगरेट बनाने का काम चल रहा था। पुलिस को मौके पर चार कर्मचारी सिगरेट तैयार करते हुए मिले, जबकि फैक्टरी का कथित मालिक दिल्ली निवासी रवि पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही फरार हो गया। पुलिस अब उसकी तलाश में जुटी है।
भारी मात्रा में मिला तैयार और कच्चा माल
पुलिस टीम को फैक्टरी से बड़ी संख्या में तैयार सिगरेट के पैकेट, अधबनी सिगरेट, पैकिंग सामग्री और सिगरेट बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल मिला। बरामदगी की मात्रा इतनी अधिक बताई जा रही है कि इसकी कीमत करोड़ों रुपये में होने की आशंका जताई गई है।
रात के समय कार्रवाई होने के कारण फैक्टरी में केवल चार कर्मचारी ही मौजूद मिले। पुलिस के अनुसार, दिन के समय यहां इससे कहीं अधिक संख्या में कर्मचारी काम करते थे। इससे आशंका है कि फैक्टरी में लंबे समय से बड़े स्तर पर नकली सिगरेट तैयार की जा रही थी।
असली ब्रांड के नाम पर नकली सिगरेट का खेल
पुलिस जांच में यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नकली सिगरेट किस नामचीन ब्रांड के पैकेट में तैयार की जा रही थी और इन्हें बाजार में कहां-कहां सप्लाई किया जाता था। बरामद पैकेट और अन्य सामग्री को कब्जे में लेकर उनकी जांच शुरू कर दी गई है।
सीओ पंकज लवानिया के अनुसार, बरामद माल की वास्तविक कीमत का आकलन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही बरामद सामान की सही कीमत सामने आएगी। इसके साथ ही भवन के संचालन, फैक्टरी से जुड़े लोगों और नकली सिगरेट के कारोबार के नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने भवन में करीब एक घंटे से अधिक समय तक जांच-पड़ताल की। टीम ने मौके से मिले सिगरेट के पैकेट, अधबनी सिगरेट, पैकिंग सामग्री और अन्य सामान को कब्जे में ले लिया है।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फैक्टरी कितने समय से संचालित हो रही थी, इसमें कितने लोग जुड़े थे, नकली सिगरेट कहां तैयार और पैक की जाती थी तथा इन्हें किन बाजारों और क्षेत्रों में सप्लाई किया जाता था।
फैक्टरी के कथित मालिक रवि के फरार होने के बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही है। वहीं, मौके से पकड़े गए कर्मचारियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

