शराब के नशे में कार चालक ने डिवाइडर से टकराने के बाद युवक को रौंदा, मौके पर मौत; चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, मुआवजे की मांग

रोहित त्यागी

मुजफ्फरनगर। चरथावल-दधेडू मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में ईंट-भट्टे पर ठेकेदारी का काम करने वाले युवक आशीष की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक बुढ़ाना तहसील क्षेत्र के गांव बड़ा सोल्ली का रहने वाला बताया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आशीष ईंट-भट्टे पर काम करने वाले मजदूरों को मजदूरी के पैसे देने के लिए चरथावल-दधेडू मार्ग की ओर जा रहा था। इसी दौरान एक कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और इसके बाद सड़क पर मौजूद आशीष को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि आशीष की मौके पर ही मौत हो गई।

परिजनों का आरोप है कि कार चालक शराब के नशे में था और कार में शराब की बोतलें भी रखी हुई थीं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। मृतक के रिश्तेदार अमित कुमार ने बताया कि आशीष परिवार में अकेला कमाने वाला था और उसके चार छोटे-छोटे बच्चे हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए परिजनों ने प्रशासन से बच्चों के पालन-पोषण और भविष्य के लिए उचित आर्थिक सहायता एवं मुआवजा दिलाने की मांग की है।

मामले में परिजनों की ओर से पुलिस को शिकायत देने की तैयारी की जा रही है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

बाइट: अमित कुमार, मृतक के रिश्तेदार

#Muzaffarnagar #RoadAccident #RajsattaPost #AnujTyagiPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *