पुरकाजी में 14.40 लाख की चोरी की कहानी निकली झूठी, घर की बहू ने ही रची थी साजिश
रोहित त्यागी
मुजफ्फरनगर के पुरकाजी थाना क्षेत्र के ग्राम हरिनगर में लाखों रुपये की चोरी और महिला पर चाकू से हमला किए जाने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। घटना की सूचना मिलने के महज दो दिन के भीतर पुलिस ने पूरे मामले की सच्चाई सामने ला दी। जांच में पता चला कि घर में चोरों के घुसने और करीब 14.40 लाख रुपये व कान की बाली चोरी होने की कहानी मनगढ़ंत थी। पुलिस के मुताबिक, घर की बहू गुलशाना ने ही 4 लाख 40 हजार रुपये चोरी कर कूलर में छिपाए थे और मामले को चोरी का रूप देने के लिए झूठी कहानी तैयार की थी।
विस्तार:
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि 24 अगस्त को ग्राम हरिनगर में एक घर में चोरी होने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना देने वालों की ओर से करीब 14.50 लाख रुपये की नकदी चोरी होने, विरोध करने पर महिला पर चाकू से हमला किए जाने और कान की बाली लूटे जाने की बात बताई गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच टीमों का गठन किया। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही घर के सदस्यों से पूछताछ की और घटना से जुड़ी परिस्थितियों को बारीकी से परखा। जांच के दौरान पुलिस को घटनाक्रम में कुछ बातें संदिग्ध नजर आईं।
जांच आगे बढ़ने पर घर की बहू गुलशाना पत्नी अकरम निवासी ग्राम हरिनगर की भूमिका सामने आई। पुलिस पूछताछ में गुलशाना ने बताया कि उसे पता था कि उसकी सास अनाज की टंकी में रुपये रखती है। पुलिस के अनुसार, उसने परिवार के सो जाने के बाद टंकी का ताला तोड़ा और उसमें रखे 4 लाख 40 हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद रुपये एक थैले में रखकर कूलर में छिपा दिए।
पुलिस के मुताबिक, टंकी का ताला तोड़ते समय गुलशाना के हाथ में चोट लग गई थी। इसके बाद उसने शोर मचाकर परिवार के लोगों को बुलाया और घर में अज्ञात चोरों के घुसने तथा चाकू से हमला करने की कहानी बताई। उसने कान की बाली चोरी होने की सूचना भी दी, लेकिन पुलिस की जांच में यह दावा भी गलत पाया गया।
पूछताछ के बाद गुलशाना की निशानदेही पर पुलिस ने कूलर से 4 लाख 40 हजार रुपये की पूरी रकम और पीली धातु की एक कान की बाली बरामद कर ली। पुलिस ने मामले में आवश्यक धाराओं में संशोधन करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी मानवेन्द्र सिंह भाटी, उपनिरीक्षक नवीन कुमार, महिला उपनिरीक्षक निशा सिंह, हेड कांस्टेबल सचिन तेवतिया और महिला कांस्टेबल शिल्पी शर्मा शामिल रहे। एसएसपी ने टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
बाइट:
संजय कुमार वर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरनगर
#Muzaffarnagar #Purkazi #CrimeNews #RajsattaPost #AnujTyagiPost

