खोड़ा में पत्नी और बेटी की हत्या, दूसरी बेटी घायल; आरोपी पति हिरासत में
गाजियाबाद/खोड़ा। दिनांक 22 अगस्त 2026 को रात्रि करीब 12:15 बजे थाना खोड़ा को सूचना मिली कि लोकप्रिय विहार की गली नंबर-3 में रहने वाले मोहम्मद रजा अंसारी ने अपनी पत्नी और बेटियों पर हमला किया है। सूचना पर थाना खोड़ा पुलिस तथा सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे।
जांच में सामने आया कि रजा अंसारी मूल रूप से बिहार के अररिया जिले का रहने वाला है और लोकप्रिय विहार की गली नंबर-3 स्थित मकान के चौथे तल पर अपनी पत्नी बीबी तबस्सुम तथा दो बेटियों सना तबस्सुम (15) और रूबी तबस्सुम (14) के साथ रहता था।
शनिवार तड़के करीब 3:02 बजे तीनों पीड़ितों को गंभीर हालत में एंबुलेंस के जरिए जिला एमएमजी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद 40 वर्षीय बीबी तबस्सुम और उनकी बेटी सना तबस्सुम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल दूसरी बेटी रूबी तबस्सुम का इलाज जारी है और डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर है।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी मौके से भागा नहीं, बल्कि घर के बाहर ही बैठा रहा। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने आर्थिक तंगी के तनाव में यह कदम उठाने की बात कही है। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से अवसाद में भी था। वहीं, पड़ोसियों के मुताबिक आरोपी नशे का आदी था और अक्सर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
बाइट- सूर्यबली मौर्य, सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम
#Ghaziabad #Khoda #RajsattaPost #AnujTyagiPost

