मथुरा में निर्माणाधीन मॉल की शटरिंग गिरी, 3 मजदूरों की मौत; मलबे में दबे लोगों की तलाश जारी
मथुरा के वृंदावन कोतवाली क्षेत्र में निर्माणाधीन मॉल की छत की शटरिंग अचानक भरभराकर गिरने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में तीन मजदूरों की मौत की सूचना है, जबकि कई अन्य श्रमिकों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड और आपदा राहत दलों को भी रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया गया। मलबे को हटाकर उसमें फंसे लोगों की तलाश की जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि निर्माणाधीन मॉल में छत से जुड़ा निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान शटरिंग का बड़ा हिस्सा अचानक ढह गया और वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे के कारणों का अभी आधिकारिक रूप से स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी घटना का संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
सीएम ने घायलों को तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा जरूरत पड़ने पर उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्रों में उपचार दिलाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मृतकों के परिजनों से संपर्क कर उन्हें नियमानुसार हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा गया है।
फिलहाल राहत और बचाव अभियान जारी है। प्रशासन की ओर से हादसे में मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। निर्माणाधीन स्थल पर सुरक्षा मानकों की भी जांच की जा सकती है।
#Mathura #Vrindavan #RajsattaPost #AnujTyagiPost

