मुज़फ्फरनगर में ज्वेलर्स की दुकान में दिनदहाड़े चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात; पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर। खतौली कोतवाली क्षेत्र के बड़ा बाजार में स्थित आरोही ज्वेलरी की दुकान में दिनदहाड़े चोरी की वारदात से हड़कंप मच गया। दुकान मालिक के खाना खाने के लिए बाहर जाने के दौरान एक चोर दुकान में घुस गया और गल्ले का ताला तोड़कर करीब 1 लाख 30 हजार रुपये की नकदी के साथ सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गया। चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।

घटना 19 अगस्त की दोपहर करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है। दुकान संचालक प्रिंस आजाद वर्मा के मुताबिक, वह दुकान खुली छोड़कर खाना खाने के लिए गए थे। इसी दौरान उन्हें फोन पर सूचना मिली कि दुकान के अंदर कोई व्यक्ति घुसा हुआ है। सूचना मिलते ही उन्होंने सीसीटीवी रिकॉर्डिंग देखी, जिसमें एक व्यक्ति दुकान के अंदर गल्ले से रुपये निकालता दिखाई दिया।

दुकानदार ने आसपास के लोगों को भी फोन कर मामले की जानकारी दी, लेकिन जब तक लोग मौके पर पहुंचे, आरोपी चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो चुका था। आरोपी ने दुकान के गल्ले का लॉक तोड़कर उसमें रखी करीब 1.30 लाख रुपये की नकदी निकाल ली। इसके अलावा सोने की एक पुड़िया और चांदी का सामान भी चोरी किया गया।

दुकानदार के अनुसार, चोरी हुए सामान में करीब 300 ग्राम चांदी का पैकिंग सामान और लगभग 8 ग्राम सोने की पुड़िया भी शामिल थी। घटना के बाद पुलिस को 112 नंबर पर सूचना दी गई और लिखित तहरीर भी दी गई।

सीसीटीवी फुटेज बनी पुलिस के लिए अहम सुराग

चोरी की सूचना मिलते ही खतौली पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को अपने कब्जे में लिया। फुटेज में आरोपी की गतिविधियां रिकॉर्ड होने के चलते पुलिस को उसकी पहचान और गिरफ्तारी में मदद मिली।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए नकदी और आभूषणों की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।

सीओ खतौली ने दी घटना की जानकारी

सीओ खतौली रुपाली राव ने बताया कि 19 अगस्त को खतौली में एक ज्वेलर्स की दुकान पर चोरी की घटना सामने आई थी। दुकान मालिक दुकान खुली छोड़कर खाना खाने गए थे। इसी दौरान करीब 2:30 बजे एक व्यक्ति दुकान में दाखिल हुआ और नकदी तथा चांदी का सामान चोरी कर ले गया।

सीओ के मुताबिक, घटना की सीसीटीवी फुटेज पुलिस के पास उपलब्ध थी। पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में घटना को स्वीकार किया है। चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए कार्रवाई की जा रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

दिनदहाड़े ज्वेलर्स की दुकान में हुई इस वारदात के बाद बाजार में भी चर्चा का माहौल रहा। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर चोरी की पूरी रकम और आभूषण बरामद करने में जुटी हुई है।

#RajsattaPost #AnujTyagiPost #Muzaffarnagar #Khatauli

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *