शिव चौक मंदिर के चढ़ावे को लेकर बसपा नेता सुशील शर्मा का बड़ा आरोप, सरकारी नियंत्रण की मांग

मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा के दौरान शिव चौक स्थित भोलेनाथ के मंदिर में आने वाले चढ़ावे और चंदे के प्रबंधन को लेकर बसपा नेता सुशील शर्मा ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि हर वर्ष कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों-करोड़ों श्रद्धालु मंदिर में जलाभिषेक करते हैं और बड़ी मात्रा में चढ़ावा व चंदा आता है।

सुशील शर्मा का आरोप है कि वर्ष 1996 से मंदिर में आने वाले चढ़ावे और चंदे की राशि का कुछ सरमाएदार अथवा निजी लोगों द्वारा बिना उचित हिसाब-किताब के इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी अथवा सार्वजनिक संपत्ति पर स्थित मंदिर के चढ़ावे पर किसी निजी व्यक्ति या संस्था का अधिकार नहीं होना चाहिए।

बसपा नेता ने मांग की कि मंदिर में आने वाले चढ़ावे की पूरी व्यवस्था सरकार के नियंत्रण में हो और प्राप्त राशि को सरकारी खजाने में जमा कराया जाए। उन्होंने मंदिर के पुजारी की व्यवस्था को भी सरकारी नियंत्रण में किए जाने की मांग रखी।

उन्होंने बताया कि इस मामले में उन्होंने जिलाधिकारी से शिकायत की थी, जिसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट और रजिस्ट्रार को जांच के निर्देश दिए गए। सुशील शर्मा ने मंदिर के पंजीकरण को भी अवैध बताते हुए इसकी जांच की मांग की है।

उन्होंने प्रशासन से मंदिर में रिसीवर नियुक्त करने की मांग की, ताकि चढ़ावे का प्रतिदिन पारदर्शी तरीके से हिसाब-किताब रखा जा सके और पूरे मामले की जांच कराई जा सके।

#Muzaffarnagar #ShivChowk #RajsattaPost #AnujTyagiPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *