बिजली कटौती से भड़के किसान, चौकड़ा बिजलीघर पर रातभर धरना;
मुजफ्फरनगर। चरथावल ब्लॉक के चौकड़ा बिजलीघर से जुड़े गांव पावटी, घिस्सूखेड़ा और कसौली में लगातार हो रही बिजली कटौती से नाराज किसानों का गुस्सा देर रात फूट पड़ा। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के युवा मंडल प्रभारी ठाकुर कुशलवीर सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान चौकड़ा बिजलीघर पहुंच गए और धरने पर बैठ गए।
किसानों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि लंबे समय से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण खेती-किसानी का काम प्रभावित हो रहा है। साथ ही भीषण गर्मी के बीच ग्रामीणों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने अपनी शिकायत बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों तक पहुंचाई, जिसके बाद अधिकारियों ने तत्काल संज्ञान लेते हुए लाइनमैनों को मौके पर भेजा। देर रात विद्युत आपूर्ति सुचारु कराए जाने के बाद किसानों ने फिलहाल अपना धरना स्थगित कर दिया।
धरने के दौरान किसानों ने चौकड़ा बिजलीघर पर तैनात जेई सरोज कुमार पर गंभीर आरोप लगाए। किसानों का कहना है कि जेई न तो उनके फोन उठाते हैं और न ही बिजली संबंधी शिकायतों का समय पर समाधान करते हैं। किसानों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर में आने वाली खराबी को ठीक कराने के नाम पर उनसे पैसे मांगे जाते हैं। इतना ही नहीं, विरोध करने या सवाल पूछने पर किसानों को मुकदमा दर्ज कर जेल भिजवाने की धमकी भी दी जाती है।
धरने को संबोधित करते हुए भाकियू (अराजनैतिक) के युवा मंडल प्रभारी ठाकुर कुशलवीर सिंह ने कहा कि यदि बिजली विभाग का रवैया नहीं बदला तो संगठन जल्द ही बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होगा। उन्होंने कहा कि किसान अपनी फसलों को सूखते हुए और परिवारों को बिजली संकट से जूझते हुए नहीं देख सकता। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अधिकारियों ने समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
धरना समाप्त होने के बाद किसानों ने कहा कि फिलहाल अधिकारियों के आश्वासन और बिजली आपूर्ति बहाल होने के कारण आंदोलन स्थगित किया गया है, लेकिन यदि भविष्य में फिर ऐसी स्थिति बनी तो और अधिक संख्या में किसान बिजलीघर का घेराव करेंगे।
धरने में ठाकुर जनक सिंह, ठाकुर ईश्वर सिंह, ठाकुर अंजेश सिंह, ठाकुर राम सिंह, ठाकुर मुकेश सिंह, ठाकुर राजेश सिंह, धर्मेंद्र त्यागी, विक्रांत त्यागी, हिमांशु त्यागी, अमित त्यागी (प्रधान), अजीत सांसी, वर्नीत त्यागी, लिल्लू, गौरव, अमित, सोनू, प्रमोद त्यागी, अर्पित त्यागी सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

