शहीद मेजर आशाराम त्यागी चौक पर विज्ञापन होर्डिंगों का कब्जा, शहीद स्मारक की गरिमा पर उठे सवाल
मुजफ्फरनगर। शहर के प्रमुख चौराहों में शामिल शहीद मेजर आशाराम त्यागी चौक पर लगातार लगाए जा रहे विज्ञापन होर्डिंग अब लोगों की नाराजगी का कारण बन रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि चौराहे पर निजी विज्ञापन एजेंसियों द्वारा बड़े-बड़े होर्डिंग लगाए जा रहे हैं, जिससे न केवल शहीद स्मारक की गरिमा प्रभावित हो रही है, बल्कि यातायात सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

लोगों का आरोप है कि होर्डिंगों के कारण चौराहे पर आने-जाने वाले वाहन चालकों की दृश्यता प्रभावित होती है। आमने-सामने से आने वाले वाहनों को देखने में परेशानी होने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसके बावजूद संबंधित विभाग और नगर पालिका इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि शहीद स्मारक और प्रमुख चौराहों पर अवैध या नियमों के विरुद्ध लगाए गए विज्ञापन होर्डिंगों को तत्काल हटाया जाए तथा संबंधित विज्ञापन एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि शहीद स्मारक की गरिमा बनी रहे और यातायात भी सुरक्षित हो सके।

