मुजफ्फरनगर पहुंचे कैबिनेट मंत्री मनोज पांडे, बोले— 2027 में मोदी-योगी के नेतृत्व में बनेगी प्रचंड बहुमत की सरकार

मुजफ्फरनगर। मंगलवार देर शाम शहर के एक बैंक्वेट हॉल में राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘सर्व समाज संवाद’ कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री मनोज पांडे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार सहित भाजपा-रालोद गठबंधन के कई जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, साधु-संत और विभिन्न समाजों के लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री मनोज पांडे ने आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड बहुमत की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि जनता विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की राजनीति पर भरोसा जता रही है और यही विश्वास आने वाले चुनाव में भी दिखाई देगा।

अपने संबोधन के दौरान उन्होंने विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने अतीत में भगवान श्रीराम, रामचरितमानस, मूर्ति पूजा और सनातन पर सवाल खड़े किए, आज वही लोग श्रीराम का नाम लेकर राजनीति करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाज ऐसे दोहरे चरित्र को अच्छी तरह पहचानता है। उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा कि “मुंह पर राम, बगल में छुरी” जैसी राजनीति अब देश स्वीकार नहीं करेगा और जनता सब कुछ देख रही है।

दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन और पुलिस कार्रवाई के संबंध में पूछे गए सवाल पर मंत्री मनोज पांडे ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को अपनी बात रखने और शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने का अधिकार है। लेकिन आंदोलन की आड़ में कानून-व्यवस्था को बाधित करना, एंबुलेंस रोकना, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना अथवा पुलिस पर पथराव करना किसी भी स्थिति में उचित नहीं कहा जा सकता।

उन्होंने कहा कि यदि किसी आंदोलन के कारण आम जनता को परेशानी होती है या किसी मरीज को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सके, तो यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक स्थिति है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी है और ऐसी परिस्थितियों में पुलिस को आवश्यक कदम उठाने पड़ते हैं।

अयोध्या स्थित राम मंदिर में हुई चोरी की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए मनोज पांडे ने कहा कि सरकार ने घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की है और आरोपियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए कहा कि किसी व्यक्ति के अपराध के आधार पर पूरी व्यवस्था पर सवाल उठाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता दोषियों को सख्त सजा दिलाना है और इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

अपने संबोधन में उन्होंने सामाजिक समरसता और एकजुटता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज को जातियों और वर्गों में बांटने की राजनीति से सावधान रहने की आवश्यकता है। सभी समाजों को एकजुट होकर राष्ट्र, समाज और सनातन संस्कृति के हित में कार्य करना चाहिए।

कार्यक्रम के अंत में उन्होंने भाजपा-रालोद गठबंधन को मजबूत बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि मुजफ्फरनगर जिले की सभी विधानसभा सीटों पर गठबंधन प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाने के लिए कार्यकर्ताओं और समाज के सभी वर्गों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता एक बार फिर विकास और सुशासन के पक्ष में अपना जनादेश देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *