पीनना गांव के तालाब में नाले का मलबा डालने का आरोप, किसान आरटीआई कार्यकर्ता ने मुख्य अभियंता से की शिकायत
मुजफ्फरनगर। सदर तहसील के बघरा ब्लॉक स्थित गांव पीनना में सिंचाई विभाग द्वारा कराई जा रही गंगा नहर के नाले की सफाई को लेकर विवाद सामने आया है। गांव निवासी किसान, आरटीआई कार्यकर्ता एवं समाजसेवी सुमित मलिक ने मेरठ मंडल गंगा नहर के मुख्य अभियंता को शिकायत पत्र भेजकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नाले की सफाई कर रही कार्यदायी कंपनी ने निकाला गया मलबा गांव के खसरा संख्या 840 स्थित सरकारी तालाब में डाल दिया, जिससे तालाब फिर से गंदगी से भर गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि वर्ष 2021-22 में ग्राम पंचायत द्वारा सरकारी धन से इस तालाब की सफाई कराई गई थी, लेकिन अब सिंचाई विभाग के सफाई कार्य के दौरान उसे दोबारा मलबे से भर दिया गया है।
सुमित मलिक ने मांग की है कि तालाब में डाला गया मलबा तत्काल हटवाया जाए और नाले की गहराई तक गुणवत्तापूर्ण सफाई कराई जाए, ताकि बरसात के दौरान गांव में जलभराव की समस्या न हो और पानी की निकासी सुचारु रूप से बनी रहे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की भी मांग की है।

