खाईखेड़ी में चार महीने से अधूरी पड़ी सड़क पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, PWD के खिलाफ प्रदर्शन
मुजफ्फरनगर। जनपद के ब्लाक पुरकाजी क्षेत्र के गांव खाईखेड़ी में लोक निर्माण विभाग (PWD) की कार्यशैली से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को प्रदर्शन कर विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग ने करीब चार महीने पहले सड़क को निर्माण के लिए उखाड़ दिया था, लेकिन आज तक निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया। इससे ग्रामीणों के साथ-साथ इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे हिंदू संगठन के नेता प्रशांत सनातनी ने बताया कि सड़क की ऊपरी परत हटाए जाने के बाद से निर्माण कार्य पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है। सड़क पर बिछाए गए पत्थर बाहर निकल आए हैं, जिससे आए दिन लोग फिसलकर चोटिल हो रहे हैं और दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है। उन्होंने कहा कि विभाग की लापरवाही के कारण ग्रामीणों का आवागमन बेहद कठिन हो गया है।
प्रशांत सनातनी ने बताया कि यह मार्ग कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। उन्होंने कहा कि सावन माह में हर वर्ष इसी रास्ते से बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़ यात्रा के दौरान गुजरते हैं। ग्रामीणों के सहयोग से यहां प्रतिवर्ष शिविर भी लगाया जाता है, जहां कांवड़ियों के विश्राम और सेवा की व्यवस्था रहती है। लेकिन सड़क की बदहाल स्थिति के कारण इस बार शिवभक्तों को पैदल चलने और विश्राम स्थल तक पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया तो वे लोक निर्माण विभाग के खिलाफ बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उनका कहना है कि विभाग की लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।
प्रदर्शन में प्रशांत सनातनी, सतेंद्र त्यागी, काला, बबलू, रामकुमार, आशु त्यागी, विपिन त्यागी, बब्बू त्यागी, सोनू त्यागी, राहुल त्यागी, मोहित, राजू, सचिन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

