हबीबपुर सीकरी हादसे के पीड़ित परिवार से मिले सांसद हरेंद्र मलिक, नए मकान बनवाने का किया ऐलान

बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। बुढ़ाना क्षेत्र के गांव हबीबपुर सीकरी में हाल ही में हुई भारी बारिश के दौरान मकान गिरने की दर्दनाक घटना के बाद सोमवार को मुजफ्फरनगर के सांसद हरेंद्र मलिक पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना देते हुए हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।

सांसद हरेंद्र मलिक ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद और पीड़ादायक है। ऐसे कठिन समय में पीड़ित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और हर स्तर पर सहयोग किया जाएगा।

गौरतलब है कि लगातार हुई तेज बारिश के दौरान गांव हबीबपुर सीकरी में इस्लामुद्दीन का कच्चा मकान अचानक ढह गया था। हादसे के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर मौजूद थे। मलबे में दबने से इस्लामुद्दीन और उनके चार बच्चों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई थी।

घटनास्थल पर पहुंचे सांसद ने क्षतिग्रस्त मकान का जायजा लिया और हादसे की जानकारी ग्रामीणों व परिजनों से ली। उन्होंने पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति पर चिंता जताते हुए घोषणा की कि समाजवादी पार्टी की ओर से उनके लिए नया मकान बनवाने में सहयोग किया जाएगा, ताकि परिवार को दोबारा सुरक्षित आश्रय मिल सके।

इस दौरान सांसद ने प्रशासनिक अधिकारियों से भी बातचीत की और निर्देश दिए कि आपदा राहत के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता, सरकारी मुआवजा तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं नियमानुसार शीघ्र उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि राहत कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और पीड़ित परिवार को हर संभव सरकारी मदद समय पर मिलनी चाहिए।

सांसद हरेंद्र मलिक ने ग्रामीणों से भी मुलाकात की और कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की सहायता करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी यदि किसी प्रकार की आवश्यकता होगी तो वह पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *