शराब ठेके का विरोध, अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर भाकियू ने दी आंदोलन की चेतावनी

राजसत्ता पोस्ट |असलम त्यागी

मुजफ्फरनगर जनपद के थाना चरथावल क्षेत्र के ग्राम न्यामू में प्रस्तावित शराब के ठेके को लेकर ग्रामीणों और भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। रविवार को जिला पंचायत सदस्य एवं भाकियू नेता विकास शर्मा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर गांव में शराब का ठेका खोले जाने का विरोध जताया।

प्रदर्शन की सूचना पर नायब तहसीलदार रिजवान अली तथा हिण्डन चौकी के उप निरीक्षक नंदकिशोर शर्मा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से वार्ता की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों और किसानों ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए गांव में किसी भी हाल में शराब का ठेका न खोलने की मांग की। उनका कहना था कि इससे गांव का सामाजिक वातावरण प्रभावित होगा और युवाओं पर इसका गलत असर पड़ेगा।

भाकियू नेता विकास शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने ग्रामीणों की आपत्तियों को नजरअंदाज कर जबरन शराब का ठेका खुलवाने का प्रयास किया, तो भारतीय किसान यूनियन और ग्रामीण संयुक्त रूप से आबकारी विभाग के कार्यालय का घेराव करेंगे। उन्होंने कहा कि गांव के हितों की रक्षा के लिए संगठन लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *