ब्लॉक प्रमुखों को मिली बड़ी जिम्मेदारी, प्रदेश के 826 ब्लॉक प्रमुख बनाए गए प्रशासक
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था को लेकर बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए प्रदेश के सभी 826 ब्लॉक प्रमुखों को प्रशासक नियुक्त कर दिया है। इस संबंध में शासन की ओर से आदेश जारी कर दिए गए हैं। सरकार के इस निर्णय के बाद अब प्रदेश के सभी विकासखंडों में मौजूदा ब्लॉक प्रमुख प्रशासक के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

यह पहली बार है जब उत्तर प्रदेश में जिला पंचायत अध्यक्ष, ग्राम प्रधान और ब्लॉक प्रमुख—तीनों स्तरों के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को प्रशासक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले सरकार ग्राम प्रधानों और जिला पंचायत अध्यक्षों को प्रशासक नियुक्त कर चुकी थी, जबकि ब्लॉक प्रमुखों को यह जिम्मेदारी पहली बार दी गई है।
शासन के आदेश के अनुसार, नई पंचायतों के गठन और आगामी चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने तक विकासखंड स्तर पर प्रशासनिक एवं विकास कार्यों की निरंतरता बनाए रखने के उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू की गई है। प्रशासक के रूप में ब्लॉक प्रमुख विकासखंड से जुड़े आवश्यक प्रशासनिक कार्यों, विकास योजनाओं की निगरानी तथा पंचायत संबंधी नियमित कार्यों का संचालन करेंगे।
सरकार का कहना है कि इस व्यवस्था से विकास कार्य प्रभावित नहीं होंगे और ग्रामीण क्षेत्रों में चल रही योजनाओं का क्रियान्वयन पहले की तरह जारी रहेगा। पंचायत स्तर पर प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और जनहित से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार का व्यवधान न आए, इसके लिए यह निर्णय लिया गया है।
प्रदेश सरकार के इस फैसले को पंचायत व्यवस्था की निरंतरता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब सभी 826 विकासखंडों में ब्लॉक प्रमुख प्रशासक के रूप में कार्य करते हुए विकास एवं प्रशासनिक गतिविधियों की जिम्मेदारी संभालेंगे।#RajsattaPost #AnujTyagiPost

