प्रेमी से शादी की जिद में 50 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ी युवती, POCSO के आरोपी प्रेमी को बुलाने पर उतरी नीचे
जालौन। उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के कालपी क्षेत्र से प्रेम-प्रसंग का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां 18 वर्षीय युवती अपने प्रेमी से मिलने और उसी के साथ शादी करने की जिद में रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित करीब 50 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। युवती करीब चार घंटे तक टॉवर पर बैठी रही और नीचे उतरने से इनकार करती रही। आखिरकार पुलिस ने उसके प्रेमी को मौके पर बुलाया, दोनों की बातचीत कराई गई, जिसके बाद युवती सुरक्षित नीचे उतर आई।
जानकारी के अनुसार, कालपी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम छौंक निवासी युवती अचानक गांव के पास रेलवे क्रॉसिंग के निकट लगे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। काफी देर तक जब वह नीचे नहीं उतरी तो ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही कालपी कोतवाली पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। ज्ञान भारती चौकी प्रभारी विपिन कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे, जबकि फायर विभाग ने रेस्क्यू की तैयारी शुरू कर दी।
पुलिस, प्रशासन और ग्रामीणों ने कई घंटे तक युवती को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही। युवती बार-बार यही कहती रही कि जब तक उसका प्रेमी मौके पर नहीं आएगा, वह नीचे नहीं उतरेगी। उसने यह भी चेतावनी दी कि यदि युवक को नहीं बुलाया गया तो वह अपनी जान दे देगी।
करीब चार घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज घटनाक्रम के बाद पुलिस ने युवती के प्रेमी को मौके पर बुलाया। युवक मध्य प्रदेश के भिंड जिले के लहार क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है। पुलिस की मौजूदगी में दोनों की बातचीत कराई गई, जिसके बाद युवती शांत हुई और सुरक्षित टॉवर से नीचे उतर आई। इसके बाद पुलिस दोनों को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों के बीच पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम-प्रसंग चल रहा है। कुछ महीने पहले युवती अपने प्रेमी के साथ चली गई थी। उस समय युवती नाबालिग थी, जिसके चलते उसके पिता ने युवक के खिलाफ अपहरण और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया था। इस मामले में युवक को जेल भी जाना पड़ा था।
अब युवती के बालिग होने के बाद उसने पुलिस के सामने स्पष्ट रूप से कहा कि वह उसी युवक के साथ रहना और उसी से शादी करना चाहती है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की कानूनी प्रक्रिया और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
#AnujTyagiPost

