फ़र्ज़ी डिग्री और कूटरचित दस्तावेज बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 15 हजार का इनामी समेत तीन गिरफ्तार

राजसत्ता पोस्ट | असलम त्यागी

मुजफ्फरनगर जनपद के थाना छपार पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने फर्जी डिग्री एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए ₹15 हजार के इनामी वांछित आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में फर्जी दस्तावेज, विजिटिंग कार्ड, लैटरहेड, मेडिकल रिकॉर्ड, मोबाइल फोन और एक कार बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, आईजीआरएस के माध्यम से मिली शिकायत में ग्राम शेरपुर निवासी इमलाख उर्फ इमलाक पुत्र मोहम्मद इलियास पर पैसे लेकर फर्जी डिग्री बनवाने, धोखाधड़ी करने और मूल दस्तावेज अपने पास रखकर अतिरिक्त धन की मांग करने के आरोप लगाए गए थे। जांच में आरोप सही पाए जाने पर थाना छपार में मुकदमा दर्ज किया गया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने इमलाख पर ₹15 हजार का इनाम घोषित किया।

मुखबिर की सूचना पर थाना छपार पुलिस और एसओजी ने ताजपुर रजवाहा-बरला बसेड़ा रोड पर घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में इमलाख उर्फ इमलाक, डॉ. वी.के. गौतम और डॉ. मंसूर उलहक शामिल हैं।

पूछताछ में इमलाख ने बताया कि वह बाबा इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी का चेयरमैन और डायरेक्टर है तथा बी-फार्मा, डी-फार्मा और बीएएमएस की फर्जी डिग्रियां तैयार कराता था। उसने यह भी स्वीकार किया कि इसी तरह के मामलों में उसे पहले उत्तराखंड एसटीएफ गिरफ्तार कर चुकी है और वह करीब दो वर्ष जेल में रह चुका है।

वहीं, आरोपी डॉ. वी.के. गौतम ने बताया कि वह हरिद्वार में बिना वैध डिग्री के अस्पताल संचालित कर रहा था। उसने बीएएमएस की फर्जी डिग्री बनवाने के लिए इमलाख को छह लाख रुपये दिए थे, लेकिन डिग्री नहीं मिली। तीसरे आरोपी डॉ. मंसूर उलहक ने स्वीकार किया कि उसने डॉ. गौतम से पैसे लेकर अपना कमीशन काटने के बाद शेष रकम इमलाख को दे दी थी।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 32 विजिटिंग कार्ड, 6 खाली लैटरहेड, 4 लिखित लैटरहेड, 4 मेडिकल अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट/कवर, 6 मरीजों की बुकलेट, 3 मोबाइल फोन तथा UK17V4005 नंबर की कार बरामद की है।

इस कार्रवाई को थानाध्यक्ष मोहित कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक लोकेश गौतम, एसओजी प्रभारी मोहित चौधरी, उपनिरीक्षक तूफान सिंह, अनुराग सिंह, शिव कुमार तथा सर्विलांस और एसओजी टीम ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *