मुख्यमंत्री धामी ने ‘मेरी योजना’ पुस्तक के ऑडियो संस्करण का किया लोकार्पण, जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने पर दिया जोर
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग द्वारा तैयार की गई ‘मेरी योजना’ पुस्तक के ऑडियो क्लिप का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पुस्तक में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं को एक ही स्थान पर संकलित किया गया है, जिससे आम नागरिकों को योजनाओं की जानकारी आसानी से प्राप्त हो सकेगी और पात्र लाभार्थी इनका लाभ उठा सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुस्तक में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं के साथ-साथ स्वरोजगार, कौशल विकास, शिक्षा, कृषि तथा अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों से संबंधित योजनाओं की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया को सरल एवं सहज भाषा में प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए विभाग लगातार नवाचार करें तथा शासनादेशों और सरकारी जानकारियों को भी आमजन की समझ के अनुरूप सरल भाषा में जारी किया जाए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। उनके नेतृत्व में देश तेजी से विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों और योजनाओं का लाभ उत्तराखंड को भी लगातार मिल रहा है, जिससे राज्य में सड़क, रेल, हवाई संपर्क, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय विकास हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार की प्रभावी कार्यशैली के कारण प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है तथा प्रति व्यक्ति आय में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है। राज्य सरकार मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, महक क्रांति योजना, एरोमा वैली, मिशन एप्पल सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से युवाओं, महिलाओं और किसानों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध करा रही है।
इस अवसर पर कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग के सचिव दीपक कुमार ने बताया कि ‘मेरी योजना’ पुस्तक का ऑडियो संस्करण आकाशवाणी सहित विभिन्न रेडियो स्टेशनों पर प्रसारित किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंच सके। उन्होंने बताया कि विभाग अब तक पुस्तक के चार संस्करण प्रकाशित कर चुका है और इसका डिजिटल संस्करण भी उपलब्ध कराया जा चुका है।
कार्यक्रम में महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

