ज़िया चौधरी बोले: जनहित के मुद्दों पर कड़े संघर्ष को तैयार है समाजवादी पार्टी
मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक का आयोजन जिला कार्यालय पर किया गया। बैठक की अध्यक्षता समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष ज़िया चौधरी एडवोकेट ने की, जबकि संचालन जिला कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह नीटू द्वारा किया गया। बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी राजनीतिक रणनीति और जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ज़िया चौधरी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के संदेश को कार्यकर्ताओं के बीच साझा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अपनी जनविरोधी नीतियों, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और सामाजिक विभाजन की राजनीति के कारण जनता का विश्वास खो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं की शिक्षा, नौकरी और आरक्षण के अधिकारों पर लगातार चोट की जा रही है तथा बार-बार होने वाले पेपर लीक से युवा वर्ग निराश और परेशान है।
ज़िया चौधरी ने कहा कि किसानों, मजदूरों, महिलाओं और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर समाजवादी पार्टी पूरी मजबूती के साथ संघर्ष करने के लिए तैयार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाकर प्रदेश की व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव लाया जाएगा।
बैठक को संबोधित करते हुए समाजवादी शिक्षक सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष सत्येंद्र पाल, जिला मीडिया प्रभारी साजिद हसन तथा सपा नेत्री डॉ. मोनिका सिंह ने कहा कि पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समाज के अधिकार, हिस्सेदारी और सम्मान की रक्षा के लिए समाजवादी पार्टी की सरकार आवश्यक है। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने और पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान विधानसभा अध्यक्ष खतौली सत्यदेव शर्मा की पत्नी के इकलौते भाई, सपा नेता रामपाल सिंह पाल के बहनोई एवं सपा नेता अनेश निर्वाल के ताऊजी के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष श्यामलाल बच्ची सैनी, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी जसवीर वाल्मीकि, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य तहसीन मंसूरी, जिला मीडिया प्रभारी साजिद हसन, विधानसभा अध्यक्ष मीरापुर सादिक चौहान, यूथ ब्रिगेड जिलाध्यक्ष राशिद मलिक, महिला सभा जिलाध्यक्ष पूजा अनिल अंबेडकर, बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी जिलाध्यक्ष लोकेंद्र कुमार सिमरथी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
#AnujTyagiPost #RajsattaPost

