प्रेमजाल, ब्लैकमेलिंग और धर्मांतरण के आरोप में शामली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुख्य अभियुक्ता समेत 2 गिरफ्तार

 

शामली। जनपद शामली के थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित मोहल्ला काजीवाड़ा में युवक को कथित रूप से प्रेमजाल में फंसाकर ब्लैकमेल करने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्ता चांदनी कुरैशी और उसके पिता इस्लाम कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में कुल 9 नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 4 जून 2026 को विभिन्न माध्यमों से जानकारी मिली थी कि काजीवाड़ा निवासी कुछ लोगों ने योजनाबद्ध तरीके से आयुष मलिक नामक युवक को अपने प्रभाव में लेकर उसका धर्म परिवर्तन कराया। आरोप है कि युवक को प्रेमजाल में फंसाने के बाद ब्लैकमेल किया गया और आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से उस पर तथा उसके परिवार पर दबाव बनाया गया।

मामले में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने करीब चार वर्ष पुराना कथित फर्जी निकाहनामा दिखाकर युवक के पिता देवराज मलिक और उनके परिवार से अनुचित मांगें कीं तथा उन्हें इस्लाम धर्म अपनाने के लिए मजबूर करने का प्रयास किया। विरोध करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।

इस प्रकरण को लेकर यशवीर महाराज ने भी खुलकर आवाज उठाई थी। उन्होंने कथित धर्मांतरण और ब्लैकमेलिंग के मामले में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा था। यशवीर महाराज ने कहा था कि दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए और पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए।

पीड़ित पक्ष की ओर से 6 जून 2026 को थाना कोतवाली शामली में तहरीर दी गई, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 241/26 दर्ज करते हुए विभिन्न धाराओं तथा उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू की।

पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह के निर्देश पर थाना कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्ता चांदनी कुरैशी पुत्री इस्लाम कुरैशी तथा उसके पिता इस्लाम कुरैशी पुत्र निड्डू को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी आजाद चौक, काजीवाड़ा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

मामले की जांच जारी है और पुलिस पूरे घटनाक्रम से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल कर रही है।

#AnujTyagiPost #RajsattaPost #Shamli

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *