मुजफ्फरनगर में भाकियू की किसान पंचायत, संगठन विस्तार और किसान-युवा मुद्दों पर हुई चर्चा
मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन के पश्चिम क्षेत्र महासचिव एवं मुजफ्फरनगर महानगर अध्यक्ष ठाकुर गुलबहार राव के नेतृत्व में शनिवार को मीनाक्षी चौक स्थित एक बैंक्वेट हॉल में किसान पंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत में संगठन विस्तार, किसान हितों, पर्यावरण संरक्षण तथा युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, समर्थक एवं किसान मौजूद रहे।
पंचायत में पहुंचे भारतीय किसान यूनियन युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव टिकैत का ठाकुर गुलबहार राव एवं कार्यकर्ताओं द्वारा पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान संगठन को मजबूत बनाने तथा किसान हितों की लड़ाई को और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
सभा को संबोधित करते हुए युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव टिकैत ने कहा कि संगठन को गांव-गांव और शहर-शहर मजबूत करने के उद्देश्य से यह किसान पंचायत आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि भारतीय किसान यूनियन केवल किसानों की समस्याओं को ही नहीं उठाती, बल्कि सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में भी अग्रणी भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि संगठन के कार्यकर्ता साफ-सफाई अभियान चलाने, जल संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का कार्य करेंगे।

गौरव टिकैत ने किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि खाद और यूरिया की उपलब्धता को लेकर किसान परेशान हैं। समय पर खाद न मिलने से किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बिजली विभाग की छापेमारी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि किसानों का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा और संगठन किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा संघर्ष करता रहेगा।
उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग में भारी नाराजगी है और बार-बार पेपर लीक होने से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। गौरव टिकैत ने कहा कि यदि सरकार युवाओं और किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं करती है तो देशभर में आंदोलन और तेज किया जाएगा।

इस अवसर पर ठाकुर गुलबहार राव ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन किसानों, मजदूरों और आम जनता की आवाज बनकर लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत बनाने तथा किसान हितों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
नवीन राठी ने कहा कि किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य दिलाने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संगठन लगातार संघर्षरत है। वहीं हरिओम त्यागी ने कहा कि युवाओं को संगठन से जोड़कर किसान आंदोलन को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा तथा किसानों की हर समस्या को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
पंचायत में संगठन विस्तार को लेकर भी चर्चा की गई और अधिक से अधिक किसानों एवं युवाओं को भारतीय किसान यूनियन से जोड़ने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर श्यामपाल चेयरमैन (प्रदेश महासचिव, पश्चिमी क्षेत्र), ओमपाल मलिक (राष्ट्रीय महासचिव), नवीन राठी, हरिओम त्यागी, अफजल त्यागी, जफर सुजड़ू, तारिक, सेंकी, सादिक, पप्पू मलिक, सहजाद, धर्मेंद्र चौधरी सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं किसान उपस्थित रहे।

