सड़क पर स्टंटबाजी कर रहे पांच युवक गिरफ्तार, थार और स्विफ्ट कार सीज, ₹ 10 हजार का चालान 
राजसत्ता पोस्ट |असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर जनपद के थाना भोपा पुलिस ने सड़क पर खतरनाक स्टंटबाजी कर आमजन की सुरक्षा को खतरे में डालने वाले पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने स्टंटबाजी में प्रयुक्त एक थार और एक स्विफ्ट कार को सीज कर दिया, जबकि दो अन्य वाहनों का चालान कर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना भोपा पुलिस क्षेत्र में कानून व्यवस्था एवं सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत निगरानी और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ग्राम बेलड़ा में सार्वजनिक मार्ग पर कुछ युवक चार पहिया वाहनों से खतरनाक स्टंट करते पाए गए। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पांच युवकों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कैफ पुत्र मोहम्मद अली, जुनैद पुत्र जुल्फाम, सादिक पुत्र इसराईल निवासी ग्राम निवादा थाना मंसूरपुर, अजीम पुत्र मुस्तकीम निवासी ग्राम आखलोर थाना कोतवाली नगर तथा इन्त्याज पुत्र यासीन निवासी सोमापुर थाना कंकरखेड़ा जनपद मेरठ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 126, 135 एवं 170 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके अलावा स्टंटबाजी में प्रयुक्त थार वाहन संख्या यूपी-37-के-9000 और स्विफ्ट कार संख्या यूपी-12-सीसी-2582 को सीज कर दिया गया। दो अन्य वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये का चालान किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क पर स्टंटबाजी न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि आम लोगों की जान को भी खतरे में डालती है। ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सपन चौधरी, हेड कांस्टेबल नरेन्द्र कुमार, कांस्टेबल देशराज सिंह, रिक्रूट कांस्टेबल पवन कुमार, अवधेश कुमार एवं चेतन शर्मा शामिल रहे।

