गाजीपुर में विनीत राय हत्याकांड का मुख्य आरोपी मुठभेड़ में ढेर, एक लाख का इनामी बदमाश कमलेश चौधरी हुआ ढेर; स्वाट प्रभारी घायल
गाजीपुर। जिले के चर्चित विनीत राय हत्याकांड में बुधवार देर शाम पुलिस को बड़ी सफलता मिली। हत्याकांड का मुख्य आरोपी और एक लाख रुपये का इनामी बदमाश कमलेश चौधरी पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। हालांकि इस कार्रवाई के दौरान स्वाट टीम प्रभारी रोहित मिश्रा भी गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि विनीत राय हत्याकांड में वांछित आरोपी कमलेश चौधरी कोतवाली क्षेत्र के कुर्था स्थित पौहारी बाबा आश्रम के पास छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर इलाके की घेराबंदी कर दी।
पुलिस टीम ने आरोपी को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी की ओर से चलाई गई गोली स्वाट टीम प्रभारी रोहित मिश्रा को लग गई, जिससे वह घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें कमलेश चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक कमलेश चौधरी विनीत राय हत्याकांड में नामजद था और उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को गाजीपुर पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
#AnujTyagiPost #RajsattaPost #Ghazipur

