40 बीघा जमीन के विवाद में पिता ने ली बेटे की जान, मेरठ में तुषार त्यागी हत्याकांड का खुलासा

मेरठ/हापुड़। मेरठ के खरखौदा थाना क्षेत्र में मिले तुषार त्यागी हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि 25 वर्षीय तुषार त्यागी की हत्या किसी बाहरी दुश्मन ने नहीं, बल्कि उसके ही पिता सुंदर त्यागी ने अपने साथी के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने आरोपी पिता और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक तुषार बीच में पिता और साइड में तुषार की पत्नी

जानकारी के अनुसार हापुड़ जिले के गांव दोयमी निवासी तुषार त्यागी सोमवार रात अपनी स्कॉर्पियो कार से घर से निकला था। उसने परिवार को बताया था कि वह थोड़ी देर में वापस आ जाएगा। कुछ समय बाद उसने अपनी पत्नी शिखा त्यागी को व्हाट्सएप कॉल कर बताया कि कुछ लोग उसे जंगल की ओर ले जा रहे हैं और उसकी जान को खतरा है। इसके बाद उसके दोनों मोबाइल फोन बंद हो गए।

परिजन पूरी रात उसकी तलाश करते रहे। देर रात मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर गांव पांची के पास पुल के नीचे खड़ी उसकी स्कॉर्पियो कार मिली। कार के अंदर तुषार खून से लथपथ पड़ा था। उसके सिर और गर्दन में गोली मारी गई थी। पुलिस उसे अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पत्नी शिखा त्यागी की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही अरविंद उर्फ बिट्टू त्यागी और तरुण त्यागी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। हालांकि जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल की तो मामला पूरी तरह पलट गया।

एसपी देहात मेरठ अभिजीत सिंह के अनुसार जांच में सामने आया कि तुषार के पिता सुंदर त्यागी और उसका देहरादून निवासी साथी अमित घटना में शामिल थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि सुंदर त्यागी हापुड़ देहात थाने का हिस्ट्रीशीटर है और लंबे समय से परिवार से अलग रह रहा था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि तुषार गांव की करीब 40 बीघा जमीन बेचकर अपना कारोबार शुरू करना चाहता था, जबकि उसका पिता इसका विरोध कर रहा था। इसी विवाद ने इतना गंभीर रूप ले लिया कि पिता ने अपने ही बेटे की हत्या की साजिश रच डाली।

मृतक की बहन मोना त्यागी के मुताबिक घटना वाले दिन तुषार को फोन कर कहा गया था कि किसी को भूख लगी है और वह खाना लेकर आ जाए। इसी बहाने उसे बुलाया गया। तुषार खाना लेकर अपनी कार से निकला, लेकिन यह एक साजिश थी। आरोपियों ने उसे सुनसान स्थान पर ले जाकर गोली मार दी।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी पिता सुंदर त्यागी और उसके साथी अमित को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं प्रारंभिक मुकदमे में नामजद बिट्टू त्यागी और तरुण त्यागी की भूमिका की भी जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही दोनों के संबंध में अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

#Meerut #AnujTyagiPost #RajsattaPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *