सूरत में भीषण सड़क हादसा: दो बसों और ट्रैक्टर/टैंकर की टक्कर के बाद लगी आग, 8 यात्रियों की मौत
सूरत (गुजरात)। गुजरात के सूरत जिले में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। बारडोली हाईवे पर उवा गांव के पास दो राज्य परिवहन बसों और एक ट्रैक्टर/पानी के टैंकर के बीच हुई भीषण टक्कर के बाद एक बस में आग लग गई। हादसे में 8 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र परिवहन निगम की धुलिया-सूरत रूट की बस और दूसरी यात्री बस बारडोली के पास नेशनल हाईवे-56 से गुजर रही थीं। इसी दौरान एक पानी के टैंकर की टक्कर से एक बस चालक का नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित बस डिवाइडर पार कर सामने से आ रही दूसरी बस से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक बस पलट गई और उसमें आग लग गई।
बस में आग लगने के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री बस के अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और गैस कटर की मदद से बस को काटकर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।
सूरत रेंज के आईजी प्रेम वीर सिंह ने बताया कि हादसे में 8 लोगों की मौत हुई है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। घायलों को बारडोली और आसपास के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार बसों में सवार यात्रियों की सही संख्या और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। हादसे के बाद हाईवे पर लंबे समय तक यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सामान्य कराया।
#AnujTyagiPost #RajsattaPost #Surat

