नाम के कन्फ्यूजन में गिरफ्तार हुए राज सिंह को CBI से मिली क्लीन चिट, मां से लिपटकर रो पड़े
पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में गिरफ्तार बलिया निवासी राज सिंह को सीबीआई जांच में क्लीन चिट मिल गई है। राज सिंह को संदिग्ध शूटर मानकर गिरफ्तार किया गया था, लेकिन बाद में नाम के भ्रम का मामला सामने आया।
सीबीआई के अनुसार मुख्य शूटर राजकुमार सिंह के भ्रम में राज सिंह को गलती से गिरफ्तार कर लिया गया था। बाद में मुजफ्फरनगर के छपार टोल प्लाजा से बलिया निवासी राजकुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया।
राज सिंह ने कहा, “बुरे वक्त में कोई काम नहीं आता, बस आपके परिजन ही काम आते हैं। सारी नेतागिरी धरी की धरी रह जाती है।” उन्होंने बताया कि कोलकाता ले जाए जाने पर उन्हें डर लग रहा था क्योंकि वहां की भाषा समझ नहीं आती थी, लेकिन सीबीआई ने भरोसा दिलाया कि अगर उन्होंने कुछ नहीं किया है तो उन्हें छोड़ दिया जाएगा।
सीबीआई के मुताबिक शुरुआती जांच में कोलकाता पुलिस ने बिहार के बक्सर से विक्की मौर्य और मयंक मिश्रा को पकड़ा था। पूछताछ में “राज सिंह” नाम सामने आने पर 11 मई को अयोध्या से राज सिंह को हिरासत में लिया गया था और बाद में बंगाल पुलिस को सौंप दिया गया। गिरफ्तारी के समय वह लखनऊ में एक एमएलसी की शादी से लौट रहे थे।
घर पहुंचने पर राज सिंह अपनी मां से लिपटकर रो पड़े। गिरफ्तारी के बाद भाजपा नेताओं के साथ उनकी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं।
#UttarPradesh #Ballia #CBI #WestBengal #RajSingh #AnujTyagiPost #RajsattaPost #Ballia

