रुड़की में महिला काव्य मंच की मासिक गोष्ठी, कवयित्रियों ने बिखेरे भावों के रंग

असलम त्यागी | चरथावल 

रुड़की। महिला काव्य मंच, रुड़की इकाई उत्तराखंड की मासिक काव्य गोष्ठी का आयोजन 26 अप्रैल 2026 को मंच की सक्रिय सदस्य अनुपमा शर्मा के निवास स्थान पर सौहार्दपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का विषय “तलाश अपने हिस्से के आसमान की” रहा, जिसमें कवयित्रियों ने विभिन्न भावों और विषयों पर अपनी रचनाओं के माध्यम से प्रभावशाली प्रस्तुति दी।

गोष्ठी में काव्य विधा के अनेक रंग देखने को मिले। कहीं मौसम की तपिश तो कहीं मन की गहराइयों की अभिव्यक्ति, पेड़ बनने की इच्छा, कच्ची उम्र का प्रेम, खुशबू और फूलों की कल्पना, साड़ी के रंगों से जुड़ी भावनाएं और समंदर-यादों के प्रतीक—हर पहलू को कवयित्रियों ने शब्दों में खूबसूरती से पिरोया। कार्यक्रम में उपस्थित श्रोताओं ने भी रचनाओं की सराहना की।

जो साहित्यकार किसी कारणवश उपस्थित नहीं हो सके, उन्होंने अपनी रचनाएं ऑडियो, वीडियो और संदेश के माध्यम से भेजकर सहभागिता निभाई। मंच की वरिष्ठ सदस्य रमा जी ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

गोष्ठी के अंत में रुड़की इकाई की अध्यक्षा अर्चना त्यागी ने आगामी माह की गतिविधियों पर चर्चा करते हुए बताया कि मई माह की गोष्ठी का आयोजन अनुपमा गुप्ता के निवास स्थान पर किया जाएगा।

इस अवसर पर अनुपमा शर्मा, अनुपमा गुप्ता, शाहिदा शेख, निधि जैन, कविता गोयल, वीना सिंह, ममता चंद्रा, मृणालिनी शर्मा, रमा गुप्ता, अलका घनशाला और अर्चना त्यागी सहित अन्य सदस्यों ने अपनी काव्य प्रस्तुतियों से समा बांध दिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *