तितावी थाने में अचानक पहुंचे एसएसपी, पूरे थाना परिसर की हुई बारीकी से जांच—कई व्यवस्थाओं पर दिए सख्त निर्देश!
असलम त्यागी |चरथावल
मुज़फ्फरनगर । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा द्वारा आज दिनांक 22.04.2026 को थाना तितावी का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की समस्त व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना कार्यालय, कंप्यूटर कक्ष, आगंतुक कक्ष, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, हवालात, बैरक एवं मालखाने का निरीक्षण किया। साथ ही विभिन्न अभिलेखों एवं रजिस्टरों का भी गहन अवलोकन किया गया।
अभिलेखों की जांच के दौरान अपराध रजिस्टरों के अद्यतन संधारण, लंबित विवेचनाओं की स्थिति एवं अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की समीक्षा की गई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अभिलेख समयबद्ध एवं पूर्ण रूप से अद्यतन रखे जाएं तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
कंप्यूटर कक्ष के निरीक्षण में सीसीटीएनएस प्रणाली, ऑनलाइन सेवाओं एवं डाटा एंट्री कार्य की प्रगति को परखा गया। एसएसपी ने निर्देशित किया कि सभी ऑनलाइन प्रविष्टियां निर्धारित समय सीमा के भीतर शुद्धता के साथ की जाएं।
महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण करते हुए उन्होंने महिला संबंधित शिकायतों के त्वरित एवं संवेदनशील निस्तारण पर विशेष जोर दिया। साथ ही आगंतुक कक्ष में आने वाले फरियादियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा बैरक, थाना परिसर की साफ-सफाई, अनुशासन एवं सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। शस्त्रों के उचित रख-रखाव और ड्यूटी प्रबंधन को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने पुलिस कर्मियों को नियमित गश्त बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर सतर्क दृष्टि रखने तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्य में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित को सर्वोपरि रखने की नसीहत दी।
इस अवसर पर थानाध्यक्ष तितावी प्रमोद कुमार सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

