तितावी रिश्वतकांड में एसएसपी का बड़ा एक्शन, थानाध्यक्ष समेत 3 पुलिसकर्मी निलंबित, नशा तस्करों से कथित डील का आरोप
असलम त्यागी |राजसत्ता पोस्ट
मुजफ्फरनगर जनपद तितावी थाने से जुड़े कथित रिश्वतकांड में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थानाध्यक्ष पवन चौधरी, हेड कांस्टेबल अनीस खान और सिपाही नवीन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
मामला नशा तस्करी से जुड़े एक प्रकरण में नाम निकालने के बदले कथित रूप से पैसों की डील से जुड़ा बताया जा रहा है। यह आरोप बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के जौला गांव के नशा तस्करों से संबंधित है।
जानकारी के अनुसार, चरथावल क्षेत्र की एक महिला संजीदा उर्फ मोटी द्वारा वायरल किए गए ऑडियो और वीडियो में कथित रिश्वत की बातचीत सामने आई थी, जिसमें लाखों रुपये की डील का जिक्र बताया जा रहा है। इसी वायरल सामग्री के बाद मामला तेजी से तूल पकड़ गया।
एसएसपी संजय वर्मा ने मामले को गंभीर मानते हुए तीनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया और जांच के आदेश दिए हैं। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई भ्रष्टाचार के आरोपों पर सख्त संदेश देने के उद्देश्य से की गई है।
साथ ही बघरा चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार को तितावी थाने का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

