युवक को बहला-फुसलाकर धर्मांतरण के प्रयास का आरोप, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
संवाददाता |राजसत्ता पोस्ट
मुजफ्फरनगर। जनपद के भोपा थाना क्षेत्र में एक युवक को बहला-फुसलाकर अपने पास रखने और कथित रूप से धर्मांतरण के प्रयास का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम सीकरी निवासी अफसर पुत्र अख्तर पर आरोप है कि वह करीब 15 वर्ष पूर्व एक किशोर को बहला-फुसलाकर अपने घर ले आया था और उसे अपने यहां नौकर के रूप में रखे हुए था। आरोप है कि समय के साथ उसने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक का धर्मांतरण कराने का प्रयास किया।
इतना ही नहीं, आरोप यह भी है कि कस्बा भोकरहेड़ी स्थित एक मस्जिद में नमाज के दौरान युवक का वीडियो बनाकर उसे वायरल किया गया, ताकि विभिन्न समुदायों के बीच वैमनस्य फैलाया जा सके। इस मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुकदमा दर्ज किया और जांच शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने 19 अप्रैल 2026 को मुख्य आरोपी अफसर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं और उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। साथ ही पूरे प्रकरण की गहराई से जांच की जा रही है, ताकि सभी तथ्यों का खुलासा हो सके।

