7 साल की मासूम के साथ दरिंदगी, आरोपी मुठभेड़ में घायल, गाज़ियाबाद पुलिस की बड़ी कार्यवाई 
संवाददाता |राजसत्ता पोस्ट
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के इंदिरापुरम इलाके में एक सात साल की मासूम बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया, जबकि वह फरार होने की कोशिश कर रहा था। इस मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सोते समय उठाकर ले गया था मासूम को
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना थाना इंदिरापुरम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली एक बिल्डिंग की है। आरोपी अल्फाजुद्दीन (उर्फ भालू) उसी बिल्डिंग में चौकीदार का काम करता था। आरोपी ने चौकीदार की ही सात साल की बेटी को सोते हुए उठा लिया और स्वर्णजयंती पार्क ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में मासूम को बदहवास हालत में छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़
पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। रविवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी इंदिरापुरम क्षेत्र में ही कहीं छिपा है। जैसे ही पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के दोनों पैरों में गोली मार दी। पुलिस ने घायल अवस्था में आरोपी को धर दबोचा और उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहाँ उसका इलाज चल रहा है।
आरोपी के पास से तमंचा और नकदी बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से एक तमंचा, कारतूस और चुराए गए 10,000 रुपये बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी घटना के दौरान बच्ची के घर से 11,000 रुपये भी लेकर भागा था। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
पॉक्सो समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से सख्ती से पूछताछ की जाएगी और जल्द से जल्द उसे सजा दिलाने के लिए पुख्ता सबूत जुटाए जाएंगे। फिलहाल पीड़ित बच्ची की हालत स्थिर बताई जा रही है, और उसे चिकित्सीय सहायता प्रदान की जा रही है 

