गाजियाबाद: 4 साल की भांजी से रेप करने वाले मामा का एनकाउंटर
गाजियाबाद में 4 साल की भांजी से रेप करने वाले मामा को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया। रविवार रात हुई मुठभेड़ के दौरान 2 सिपाही भी घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जसीम उर्फ छोटू पर पुलिस ने 50 हजार का इनाम घोषित किया था। उसने 11 अप्रैल को भांजी का रेप और मर्डर करने के बाद डेडबॉडी को कार के नीचे फेंक दिया था। बच्ची का परिवार हापुड़ के पिलखुआ का रहने वाला है। वर्तमान में परिवार गाजियाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र में रह रहा है।
पुलिस ने सरेंडर करने को बोला तो कर दी फायरिंग
DCP धवल जायसवाल के अनुसार, एडिशनल DCP क्राइम पीयूष सिंह को रविवार रात सूचना मिली कि आरोपी जसीम गाजियाबाद के टीला मोड़ इलाके में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
इसी बीच आरोपी जसीम अपने 2 साथियों के साथ बाइक से आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने आरोपियों से सरेंडर करने के लिए कहा। मगर जसीम और उसके साथियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। फिर बाइक से भागने लगे। पुलिस ने भी जवाब में गोलियां चलाईं। इस दौरान पुलिस की एक गोली जसीम के सीने में लग गई। इससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।
जसीम के गिरते ही उसके दोनों साथी मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस घायल जसीम को अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस के दो जवानों को भी गोली लग गई, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस को मौके से तमंचा और कारतूस मिले हैं।
जानिए पूरा मामला
जसीम उर्फ छोटू (25) मुजफ्फरनगर के सिसौली क्षेत्र का रहने वाला था। वह गाजियाबाद के टीला थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर मजदूरी का काम करता था। उसके कमरे से करीब 100 मीटर की दूरी पर उसकी बहन अपने परिवार के साथ रहती है।
11 अप्रैल (शनिवार) को वह बहन के कमरे पर गया था। बच्ची के पिता ने बताया था कि दोपहर करीब 1 बजे उनका साला छोटू घर पहुंचा। “मेरी बेटी को घुमाने के बहाने अपने घर ले गया। देर शाम तक जब बच्ची घर नहीं लौटी, तो मैं छोटू के कमरे पर पहुंचा।”
वहां मेरी बेटी उसके साथ नहीं थी। मैंने उससे बेटी के बारे में पूछा। उसने बताया कि वह बेटी को मेरे घर के बाहर छोड़ आया था। इस पर मैं और मेरी पत्नी परेशान हो गए, साथ ही बच्ची को ढूंढने लगे। लेकिन, वह नहीं मिली। देर शाम तक जब बच्ची नहीं मिली, तो हमने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने आसपास के थानों में बच्ची की फोटो भेजी। पुलिस को देर रात बीकानेर 80 फुटा रोड पर एक बच्ची की लाश मिलने की सूचना मिली। पुलिस की सूचना पर हम लोग मौके पर पहुंचे, तो वह लाश मेरी बेटी की थी।
हत्या के दिन बच्ची की मां ने कहा था कि “मेरी बेटी को मारने वाले के हाथ-पैर तोड़ दो। मुझे इंसाफ चाहिए।”
पिता ने पुलिस को दी शिकायत में कहा था कि मेरी बेटी को खिलाने के बहाने मेरा साला अपने घर ले गया। वहां बच्ची के साथ रेप किया, फिर गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को करीब 500 मीटर दूर बीकानेर 80 फुटा रोड पर ले गया। वहां एक कार के नीचे फेंककर अपने कमरे पर आ गया।

