ऋषिकेश से चारधाम यात्रा 2026 का शुभारम्भ, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बसों को दिखाई हरी झंडी
Pushkar Singh Dhami ने आज ऋषिकेश में संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति द्वारा आयोजित चारधाम यात्रा-2026 के शुभारम्भ कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने चारधाम यात्रा पर जाने वाली बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और श्रद्धालुओं के लिए स्थापित नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण भी किया।
मुख्यमंत्री ने देशभर से आए श्रद्धालुओं का उत्तराखण्ड में स्वागत करते हुए कहा कि चारधाम यात्रा आस्था, साधना और आत्मा को जोड़ने का मार्ग है। यह यात्रा व्यक्ति को हर कठिनाई को पार करने की शक्ति देती है। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि यात्रा को सुगम, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और दिव्य बनाया जाए, ताकि हर श्रद्धालु को आध्यात्मिक शांति और ऊर्जा प्राप्त हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मां गंगा के आशीर्वाद से यह यात्रा हर वर्ष नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। राज्य सरकार सुरक्षित चारधाम यात्रा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और वे स्वयं लगातार तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। सरकार का लक्ष्य है कि हर श्रद्धालु को सुरक्षा, सम्मान और दिव्य अनुभव मिले तथा वे देवभूमि में बिताए पलों की स्वर्णिम यादें अपने साथ लेकर जाएं।
उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि धार्मिक स्थलों और यात्रा मार्गों पर विशेष स्वच्छता बनाए रखें। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के कण-कण में भगवान का वास है और इसकी पवित्रता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। Narendra Modi के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ने इस वर्ष ग्रीन चारधाम यात्रा और प्लास्टिक मुक्त केदारनाथ धाम का लक्ष्य तय किया है। यात्रा मार्गों पर नियमित सफाई की व्यवस्था की गई है और सभी वाहनों में डस्टबिन रखना अनिवार्य किया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यात्रा को और अधिक सुगम बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं पूरी की गई हैं। हाल ही में दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के शुरू होने से यात्रा तेज और आसान हुई है। केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में पुनर्निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जबकि गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंट साहिब में भी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
ऑल वेदर रोड परियोजना के तहत यात्रा मार्गों को बेहतर बनाया गया है। साथ ही गौरीकुंड से केदारनाथ धाम और गोविंदघाट से हेमकुंट साहिब तक रोपवे परियोजनाओं पर भी कार्य प्रगति पर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा लाखों लोगों की आजीविका का आधार है, इसलिए स्थानीय उत्पादों और रोजगार को बढ़ावा देने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने श्रद्धालुओं से स्थानीय उत्पादों की अधिक से अधिक खरीदारी करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने जानकारी दी कि केदारनाथ में मेडिकल अस्पताल तैयार हो चुका है, जबकि बद्रीनाथ में 50 बेड का अस्पताल जून तक तैयार हो जाएगा। कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने बताया कि इस वर्ष यात्रा मार्ग के सिंगल लेन और लैंडस्लाइड जोन वाले क्षेत्रों में शटल सर्विस शुरू की गई है। इसके अलावा मूवेबल शटल सर्विस के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया जाएगा और विभिन्न स्थानों पर एलईडी के माध्यम से यात्रियों को जरूरी जानकारी दी जाएगी।
इस दौरान कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
#CharDhamYatra #Uttarakhand #AnujTyagiPost #RajsattaPost

