चारधाम यात्रा 2026: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रद्धालुओं को दी शुभकामनाएं, सुरक्षित और सफल यात्रा का जताया भरोसा
Pushkar Singh Dhami ने प्रदेश में रविवार 19 अप्रैल से प्रारंभ हो रही चारधाम यात्रा को लेकर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दी हैं और उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की है। मुख्यमंत्री ने सभी यात्रियों का स्वागत करते हुए बाबा केदार, मां गंगोत्री, मां यमुनोत्री और बद्री विशाल से प्रार्थना की कि जिस तरह पिछले वर्ष यात्रा सकुशल संपन्न हुई थी, उसी तरह इस वर्ष भी यात्रा सफलतापूर्वक पूरी हो।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस वर्ष की चारधाम यात्रा पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़ सकती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है और हर स्तर पर तैयारियों की समीक्षा की जा रही है। सरकार का उद्देश्य है कि उत्तराखण्ड आने वाले श्रद्धालु यहां बिताए गए समय की सुखद और यादगार स्मृतियों को अपने साथ लेकर जाएं।
उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा उत्तराखण्ड के लिए एक बड़े उत्सव के समान है, जिसमें हर साल लाखों श्रद्धालु भाग लेते हैं। ऐसे में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। यात्रा मार्गों, आवास, स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है।
मुख्यमंत्री धामी ने यह भी कहा कि यात्रा को सफल बनाने में सभी की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक श्रद्धालु देवभूमि उत्तराखण्ड के आध्यात्मिक संदेश को देश और दुनिया तक पहुंचाएं।
इसके साथ ही उन्होंने चारधाम यात्रा में तैनात सफाई कर्मचारियों, पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों से अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने विश्वास जताया कि आपसी सहयोग और भगवान के आशीर्वाद से इस वर्ष की यात्रा भी सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न होगी।
#CharDhamYatra #Uttarakhand #AnujTyagiPost #RajsattaPost

