साउथ दिल्ली के सी.आर. पार्क में डबल मर्डर, बाप-बेटे की चाकू से हत्या से सनसनी
नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के पॉश इलाके सी.आर. पार्क में शनिवार को दिल दहला देने वाली डबल मर्डर की वारदात सामने आई। एक फ्लैट के अंदर पिता और बेटे की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना तारा अपार्टमेंट के एक फ्लैट में हुई। मृतकों की पहचान 60 वर्षीय राकेश और उनके 30 वर्षीय बेटे करन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों का एक व्यक्ति के साथ पैसों को लेकर विवाद चल रहा था।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी फ्लैट पर पहुंचा और बातचीत के दौरान कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े।
घटना के बाद दोनों को तुरंत पास के मैक्स हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
डबल मर्डर की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है, जिसमें पैसों के लेन-देन के विवाद को मुख्य कारण माना जा रहा है।
फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

