बदमाशों ने घर में घुसकर लाखों की लूट को दिया अंजाम -पुलिस संदिग्ध मान जाँच मे जुटी

संवाददाता | राजसत्ता पोस्ट

मुजफ्फरनगर शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव पीनना में शनिवार शाम बदमाशों द्वारा घर में घुसकर लाखों रुपये के जेवरात लूटने का मामला सामने आया है। वहीं पुलिस इस घटना को संदिग्ध मानते हुए गहनता से जांच में जुटी है और आसपास के रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

जानकारी के अनुसार, गांव पीनना निवासी रवि अपने तीन बच्चों के साथ घर पर मौजूद था, जबकि उसकी पत्नी मायके गांव पुरबालियान गई हुई थी। आरोप है कि शाम करीब पांच बजे चार बदमाश घर पहुंचे और दरवाजा यह कहकर खुलवाया कि वे उसकी बहन की ससुराल से आए हैं। घर में घुसते ही बदमाशों ने परिवार को आतंकित कर बंधक बना लिया और कमरों की तलाशी लेते हुए लाखों रुपये के जेवरात लूट लिए।

पीड़ित के अनुसार, बदमाश करीब 45 मिनट तक घर में रहे और इसके बाद फरार हो गए। हैरानी की बात यह रही कि घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचना नहीं दी गई। करीब साढ़े तीन घंटे बाद रात साढ़े नौ बजे ग्राम प्रधान के माध्यम से शहर कोतवाली प्रभारी बबलू कुमार को मामले की जानकारी दी गई।

कोतवाली प्रभारी बबलू कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। दिनदहाड़े हुई इस घटना के दौरान गांव में चहल-पहल के बावजूद किसी को इसकी भनक नहीं लगी, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि जेवरात खपाने के उद्देश्य से लूट की कहानी गढ़ी गई हो सकती है।

फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *