तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से युवक की मौके पर दर्दनाक मौत, किसान धरने पर बैठे
असलम त्यागी|चरथावल
मुजफ्फरनगर । चरथावल ब्लॉक क्षेत्र के गाँव कसौली निवासी युवक विकास की रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे मे मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और किसानों ने मौके पर धरना शुरू कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव कसौली निवासी विकास (उम्र लगभग 20 वर्ष) पुत्र बिजेंद्र सिंह रविवार सुबह करीब 8 बजे अपनी बाइक से मिर्जापुर अम्बेहटा जा रहा था। रास्ते में बेहड़ा गांव के पास बड़गांव की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे दूध के पिकअप वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि विकास की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। किसान नेता व युवा मंडल प्रभारी ठाकुर कुशलवीर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ मिलकर घटना स्थल पर सड़क पर धरना शुरू कर दिया। किसानों और स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने तथा आरोपी वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
मौके पर पहुंचकर ठाकुर कुशलवीर सिंह ने पुलिस प्रशासन और राजस्व विभाग की टीम को घटना से अवगत कराया और गरीब किसान परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग उठाई। सूचना पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच में जुट गए हैं

