हरिद्वार में अमित शाह ने ₹1129.91 करोड़ की योजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास
देहरादून/हरिद्वार। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री Amit Shah ने शनिवार को Haridwar में आयोजित “जन जन की सरकार, चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम के दौरान राज्य के विकास से जुड़ी कुल ₹1129.91 करोड़ की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान ₹115.10 करोड़ की 17 योजनाओं का लोकार्पण तथा ₹1014.81 करोड़ की 22 योजनाओं का शिलान्यास किया गया।
कार्यक्रम में इन परियोजनाओं के माध्यम से राज्य में बुनियादी ढांचे के विकास, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, आपदा प्रबंधन, कारागार प्रशासन, सहकारिता और शहरी विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों को गति मिलने की बात कही गई।
लोकार्पित योजनाओं में सहकारिता विभाग के अंतर्गत लगभग ₹14 करोड़ की लागत से मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना के तहत टीएमआर प्लांट का लोकार्पण किया गया। वहीं गृह (पुलिस) विभाग के अंतर्गत देहरादून पुलिस लाइन में ₹18.17 करोड़ की लागत से बने 46 आवासीय भवन, पौड़ी गढ़वाल और उत्तरकाशी में बहुउद्देशीय भवन तथा प्रशासनिक भवन, और विभिन्न जिलों में पुलिसकर्मियों के लिए आवासीय भवनों का भी लोकार्पण किया गया।
इसके अलावा नरेंद्रनगर स्थित पीटीसी में एकेडमिक ब्लॉक और राजपत्रित छात्रावास, नैनीताल, टिहरी, अल्मोड़ा, बागेश्वर और चम्पावत जिलों में पुलिस आवास, तथा आईआरबी द्वितीय देहरादून में आरटीसी के लिए प्रशासनिक भवन और अन्य अवसंरचनात्मक कार्यों का भी उद्घाटन किया गया।
कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवा विभाग के तहत हरिद्वार जिला कारागार में आवासीय भवन, हाई सिक्योरिटी बैरक, तथा देहरादून, हरिद्वार, रुड़की और हल्द्वानी की जेलों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग क्यूबिकल्स का लोकार्पण भी किया गया। इसके साथ ही होमगार्ड्स विभाग के टिहरी गढ़वाल और पिथौरागढ़ में जिला कमांडेंट कार्यालय भवनों का भी उद्घाटन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया गया। इनमें सहकारिता विभाग के अंतर्गत सहकारी समितियों के निबंधक कार्यालय के मुख्यालय भवन, तथा विश्व बैंक पोषित आपदा प्रबंधन योजनाओं के तहत अल्मोड़ा और चमोली जिलों में मोटर पुलों के निर्माण और ज्योतिर्मठ में ड्रेनेज कार्य शामिल हैं।
इसके साथ ही ज्योतिर्मठ नगर क्षेत्र में भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र के स्लोप स्टेबलाइजेशन के लिए लगभग ₹516.98 करोड़ की बड़ी परियोजना का भी शिलान्यास किया गया, जिसे आपदा प्रभावित क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताया गया।
गृह (पुलिस) विभाग के अंतर्गत देहरादून पुलिस लाइन में 360 आवासों और आईआरबी द्वितीय देहरादून में 120 आवासों के निर्माण कार्य की भी आधारशिला रखी गई। इसके अलावा हरिद्वार में अभियोजन विभाग के जनपदीय कार्यालय भवन, सितारगंज केंद्रीय कारागार, अल्मोड़ा जिला कारागार, तथा रुड़की उपकारागार में आवासीय भवन और जल आपूर्ति से जुड़ी परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया गया।
कारागार विभाग के तहत विभिन्न जिलों में बैरकों, आवासीय भवनों और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सुविधाओं के निर्माण की भी शुरुआत की गई। वहीं होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के अंतर्गत चम्पावत और उत्तरकाशी में जिला कमांडेंट कार्यालय भवनों के निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया।
इसके अलावा नियोजन (UIIDB) विभाग के तहत हरिद्वार गंगा कॉरिडोर परियोजना के अंतर्गत रोडिबेलवाला क्षेत्र के पुनर्विकास और सती कुंड के पुनर्विकास से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों की आधारशिला भी रखी गई।
इन परियोजनाओं के माध्यम से राज्य में आधारभूत ढांचे के विकास, सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने, आपदा प्रबंधन क्षमता बढ़ाने और धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद जताई गई।
#AmitShah #Haridwar #Uttarakhand #DevelopmentProjects #PushkarSinghDhami #IndiaNews #AnujTyagiPost

