आस्था जैन बनीं IAS, पहले प्रयास में IPS और दूसरे प्रयास में हासिल की 9वीं रैंक

शामली। मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के दम पर आस्था जैन ने संघ लोक सेवा आयोग परीक्षा 2025 में 9वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। इस शानदार सफलता के साथ वह IAS अधिकारी बन गई हैं। इससे पहले 2025 की परीक्षा में उन्होंने 131वीं रैंक प्राप्त कर IPS पद हासिल किया था और वर्तमान में हैदराबाद में IPS प्रशिक्षण ले रही थीं।

मूल रूप से शामली के कस्बा कांधला निवासी आस्था जैन का परिवार साधारण व्यवसाय से जुड़ा है। उनके पिता अजय कुमार परचून की दुकान चलाते हैं जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। परिवार में आस्था की दो बहनें और एक भाई भी हैं। बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रहीं आस्था ने अपनी मेहनत और अनुशासन से यह बड़ा मुकाम हासिल किया है।

सेल्फ स्टडी पर दिया जोर

आस्था जैन ने बताया कि उन्होंने शुरुआती समय में दिल्ली में रहकर IAS की कोचिंग ली थी, लेकिन बाद में उन्होंने सेल्फ स्टडी पर अधिक ध्यान केंद्रित किया। उनकी सफलता में नियमित अध्ययन, लक्ष्य के प्रति समर्पण और परिवार के सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

परिवार को बेटी पर गर्व

आस्था के पिता अजय कुमार ने बताया कि उनकी बेटी ने अपनी मेहनत के बल पर यह सफलता प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा अपनी बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता दी और कभी भी बेटियों में भेदभाव नहीं किया। परिवार में खुशी का माहौल है और आस्था की इस उपलब्धि पर रिश्तेदार एवं क्षेत्र के लोग बधाई दे रहे हैं।

आस्था जैन की इस सफलता को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा माना जा रहा है। उनकी कहानी यह संदेश देती है कि सही मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत से किसी भी लक्ष्य को पाया जा सकता है।

#AnujTyagiPost
#UPSC2025
#IASSuccess
#ShamliNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *