नलकूप बना अज्ञात चोरों का निशाना: कीमती सामान चोरी, सबूत मिटाने को लगाई आग
असलम त्यागी | चरथावल
मुज़फ्फरनगर। थाना चरथावल क्षेत्र के ग्राम सैदपुरा कला में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक नलकूप को निशाना बनाते हुए चोरी और आगजनी की गंभीर वारदात को अंजाम दे दिया। इस घटना से गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सहकारी गन्ना विकास समिति रोहाना कला के उपसभापति असगर मेहंदी के नलकूप पर देर रात अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। चोर नलकूप के कमरे का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और वहां से इन्वर्टर, बैटरी तथा कृषि कार्य में उपयोग होने वाले उपकरणों सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए।
बताया जा रहा है कि चोरी के बाद बदमाशों ने अपने अपराध के सबूत मिटाने के उद्देश्य से नलकूप के कमरे में आग भी लगा दी। आग लगने से कमरे में रखा काफी सामान जलकर नष्ट हो गया, जबकि कमरे को भी काफी नुकसान पहुंचा है।
सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर गए तो नलकूप के कमरे से धुआं और जले हुए सामान को देखकर घटना का पता चला। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पीड़ित असगर मेहंदी ने अज्ञात चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे किसानों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। ग्रामीणों ने पुलिस से रात के समय गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर चोरों का सुराग लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

