बिजनौर: मरीज बनकर आए बदमाश ने अस्पताल में घुसकर बाल रोग विशेषज्ञ को मारी गोली, मौत

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नगीना कस्बे में गुरुवार देर शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। धामपुर रोड स्थित शिवालय हेल्थ केयर सेंटर में एक बदमाश मरीज बनकर घुसा और बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. राजकुमार की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम करीब 7 बजे डॉक्टर अपने केबिन में मरीज देख रहे थे। इसी दौरान करीब 25 वर्षीय एक युवक मरीज बनकर केबिन में पहुंचा और खून की जांच रिपोर्ट दिखाने लगा। जैसे ही डॉक्टर रिपोर्ट देखने लगे, आरोपी ने अचानक बैग से हथियार निकालकर उनके सीने में नजदीक से गोली मार दी। गोली लगते ही डॉक्टर कुर्सी से नीचे गिर पड़े और हमलावर मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद अस्पताल स्टाफ और मौजूद लोगों ने गंभीर हालत में डॉक्टर को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि डॉ. राजकुमार मूल रूप से गाजियाबाद के रहने वाले थे और करीब डेढ़ साल से नगीना में अस्पताल संचालित कर रहे थे।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों और चिकित्सकों में आक्रोश और दहशत का माहौल है।

#Bijnor #Nagina #UPCrime #DoctorMurder #BreakingNews #AnujTyagiPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *