मुजफ्फरनगर: रिजर्व पुलिस लाइन में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई होली, एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को दी शुभकामनाएं
मुजफ्फरनगर: रिजर्व पुलिस लाइन में गुरुवार को होली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों व उनके परिवारजनों के साथ होली खेली और ढोल बजाकर उत्सव में चार चांद लगा दिए। एसएसपी ने सभी को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने उपस्थित पुलिसकर्मियों को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी और उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि होली प्रेम, भाईचारे और आपसी सौहार्द का प्रतीक पर्व है, जो समाज में एकता और सकारात्मकता का संदेश देता है।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस विभाग भी एक बड़े परिवार की तरह है, जिसमें सभी अधिकारी और कर्मचारी मिलकर जनपद में शांति, कानून-व्यवस्था और जनता की सुरक्षा के लिए निरंतर कार्य करते हैं। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी और आपसी सौहार्द के साथ इस पावन पर्व को मनाया। पूरे परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे, समस्त क्षेत्राधिकारी, थानाप्रभारी, प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस के अन्य अधिकारी, कर्मचारी और पुलिस परिवार के सदस्य मौजूद रहे।

