Muzaffarnagar के आर्यन गोयल ने रचा इतिहास, Air India में बोइंग-737 के ट्रेनी पायलट बने

जनपद मुजफ्फरनगर के कस्बा मीरापुर के होनहार युवा आर्यन गोयल ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए एयर इंडिया की बोइंग-737 फ्लीट में ट्रेनी पायलट के रूप में स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में गर्व और खुशी का माहौल है।

सपनों को दी नई उड़ान

आर्यन गोयल, कस्बे के वरिष्ठ समाजसेवी मनीष गोयल उर्फ सीटन के पुत्र हैं। परिजनों के अनुसार, आर्यन ने बचपन से ही पायलट बनने का सपना देखा था। आसमान में उड़ते विमानों को देखकर उनके मन में भी देश की सेवा करने और अपने क्षेत्र का नाम रोशन करने का जज्बा पैदा हुआ।

अपने लक्ष्य की ओर लगातार बढ़ते हुए आर्यन ने फरवरी 2024 में कमर्शियल पायलट लाइसेंस (CPL) की ट्रेनिंग सफलतापूर्वक पूरी की। इसके बाद अक्टूबर 2025 में उन्होंने बोइंग-737 की टाइप रेटिंग हासिल की। यह उपलब्धि आसान नहीं थी, लेकिन कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बल पर उन्होंने यह मुकाम प्राप्त किया।

परिवार और गुरुजनों को दिया श्रेय

आर्यन की माता दीपाली गोयल ने बताया कि आर्यन शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहे हैं। परिवार ने हमेशा उनके सपनों को समर्थन दिया। आर्यन ने भी अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और शुभचिंतकों को दिया है। उनका कहना है कि मजबूत इच्छाशक्ति और सही मार्गदर्शन के साथ कोई भी सपना साकार किया जा सकता है।

क्षेत्र में खुशी की लहर

जैसे ही आर्यन के चयन की खबर मीरापुर और आसपास के क्षेत्रों में पहुंची, बधाई देने वालों का तांता लग गया। स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों और व्यापारियों ने उनके आवास पर पहुंचकर परिवार को मिठाई खिलाई और शुभकामनाएं दीं।

बधाई देने वालों में प्रमुख रूप से अमित मित्तल, प्रथम मित्तल, मनोज मदान, पीयूष जैन, मधुरबैन छाबड़ा, सुशील शर्मा, जितेंद्र सैनी, उदित गोयल, शिखा गोयल, वेदप्रकाश आर्य, कमल प्रकाश आर्य, राजीव लोचन, कैलाश शर्मा, ब्रजभूषण अग्रवाल, उदित कोहली व जतिन कोहली सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल रहे।

आर्यन गोयल की यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है। उन्होंने साबित कर दिया कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो सफलता निश्चित है।


 

#AnujTyagiPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *