गाजियाबाद में सलीम वास्तिक पर जानलेवा हमले का दूसरा आरोपी भी एनकाउंटर में ढेर, सीएम के सख्त निर्देश के बाद तेज हुई कार्रवाई
अनुज त्यागी
गाजियाबाद। चर्चित यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दूसरे आरोपी गुलफाम को भी मुठभेड़ में मार गिराया। इससे पहले उसका भाई जीशान पुलिस एनकाउंटर में ढेर हो चुका है। तीन दिनों के भीतर गाजियाबाद पुलिस की यह दूसरी बड़ी मुठभेड़ है।
सलीम वास्तविक
क्या था मामला?
कुछ दिन पहले बदमाशों ने सलीम वास्तिक पर घात लगाकर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह अभी भी जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश और पूर्व विवाद को हमले की वजह माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने दिए थे सख्त कार्रवाई के निर्देश
घटना के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उन्होंने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के आदेश दिए थे। इसके बाद पुलिस कमिश्नरेट ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमों का गठन किया था।
कैसे हुआ दूसरा एनकाउंटर?
जानकारी के अनुसार, इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में पुलिस को आरोपी गुलफाम की लोकेशन मिली। घेराबंदी के दौरान बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस ऑपरेशन में एडीसीपी क्राइम पीयूष सिंह और क्राइम ब्रांच प्रभारी इंस्पेक्टर अनिल राजपूत की टीम शामिल रही। पुलिस के मुताबिक, दोनों भाइयों पर गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।
पुलिस का बयान
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी। मामले की विस्तृत जांच अभी भी चल रही है।
उधर, सलीम वास्तिक की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है और उनका उपचार जारी है।
#AnujTyagiPost


