चरथावल में अवैध कटान का खेल: हरे-भरे आम के पेड़ों पर चल रही आरी, लक्कड़ मंडी तक पहुंच रही लकड़ी

असलम त्यागी |चरथावल

मुज़फ्फरनगर|चरथावल क्षेत्र में इन दिनों हरे-भरे आम के पेड़ों की अवैध कटाई का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। आरोप है कि पर्यावरण नियमों को दरकिनार करते हुए बड़ी संख्या में आम के पेड़ों पर आरी चलाई जा रही है। कटे हुए पेड़ों की लकड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से चरथावल-थानाभवन मार्ग स्थित लक्कड़ मंडी में पहुंचाई जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लक्कड़ मंडी में कुछ लकड़ी व्यापारी अवैध रूप से काटी गई आम की लकड़ी खरीदकर लाभ अर्जित कर रहे हैं और इस अवैध कटान को बढ़ावा दे रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार यह पूरा खेल खुलेआम चल रहा है और प्रशासन की नाक के नीचे पर्यावरण नियमों का उल्लंघन हो रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।

पर्यावरण को गंभीर खतरा

विशेषज्ञों का मानना है कि आम के पेड़ केवल फल उत्पादन का स्रोत ही नहीं, बल्कि पर्यावरण संतुलन के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। बड़े पैमाने पर कटान से क्षेत्र में तापमान वृद्धि, वर्षा चक्र में असंतुलन और भूजल स्तर में गिरावट की आशंका बढ़ सकती है। इसके अलावा पक्षियों व अन्य जीव-जंतुओं का प्राकृतिक आवास भी प्रभावित हो रहा है।

जांच और सख्त कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से अवैध कटान पर तत्काल रोक लगाने, लक्कड़ मंडी में हो रही खरीद-फरोख्त की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी लकड़ी व्यापारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो क्षेत्र की हरियाली और पर्यावरण को अपूरणीय क्षति हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *