चरथावल क्षेत्र मे खाद्य सुरक्षा विभाग की मिलावटी मिठाइयों के खिलाफ बड़ी कार्यवाई, फिर भी नहीं थम रही मिलावटखोरी
असलम त्यागी|चरथावल
मुज़फ्फरनगर जनपद के चरथावल क्षेत्र के कुल्हेड़ी गांव में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी मिठाइयों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में संदिग्ध रसगुल्ले जब्त कर मौके पर ही मिट्टी में दबाकर नष्ट करा दिए। छापेमारी के दौरान जांच में मिलावट की पुष्टि होने पर टीम ने बिना देर किए कार्रवाई की।
यह अभियान सहायक आयुक्त खाद्य विभाग अर्चना धीरान के नेतृत्व में चलाया गया, जिसमें खाद्य सुरक्षा अधिकारी वैभव शर्मा मुख्य रूप से शामिल रहे।
वहीं कस्बे के मेन रोड स्थित Classic Sweets एंड फास्ट फूड पर भी विभागीय टीम ने छापा मारकर लड्डू और मावे के नमूने लिए। प्राथमिक जांच में अनियमितता पाए जाने पर मौके पर ही मावा और लड्डू नष्ट कराए गए तथा नमूने प्रयोगशाला भेजे गए।
हर साल अभियान, फिर भी क्यों नहीं रुक रही मिलावट?
क्षेत्रवासियों का कहना है कि त्योहारों से पहले हर वर्ष अभियान चलाकर कार्रवाई की जाती है, लेकिन मिलावटखोरों के हौसले पस्त नहीं होते। कार्रवाई के बाद भी कुछ कारोबारी बाज नहीं आते और आमजन की सेहत से खिलवाड़ जारी रखते हैं।
सवाल यह है कि क्या केवल त्योहारों पर छापेमारी ही पर्याप्त है? क्या सख्त दंड और नियमित निगरानी के बिना मिलावटखोरी पर पूरी तरह अंकुश संभव है?
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मिलावटखोरों पर उदाहरणात्मक और कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि दूसरों के लिए कड़ा संदेश जाए और आम जनता की सेहत सुरक्षित रह सके। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी आमजन से अपील की है कि यदि कहीं संदिग्ध खाद्य पदार्थ बिकते दिखाई दें तो तुरंत विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।


